MP News: सात फेरे पड़े भारी! शादी के दो महीने बाद जंगल में मिली पति की लाश, पत्नी और प्रेमी पर हत्या का आरोप
छतरपुर के सटई थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय प्रेमलाल रैकवार की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। शादी के महज दो महीने बाद युवक का शव जंगल में नाले के पास मिला। परिजनों ने उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र में नवविवाहित युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सिगरामपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रेमलाल रैकवार का शव जंगल में नाले के पास मिला। परिजनों ने युवक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने सटई बस स्टैंड पर चक्का जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पत्नी ने गांव बुलाया, फिर नहीं लौटा युवक
परिजनों के अनुसार प्रेमलाल की शादी करीब दो महीने पहले पलकौंहा गांव की रोशनी से हुई थी। आरोप है कि पत्नी ने पार्टी का बहाना बनाकर उसे अपने गांव बुलाया था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
सटई थाना प्रभारी सुनीता विदुआ ने बताया कि 9-10 जुलाई की दरमियानी रात प्रेमलाल के पिता मनीराम रैकवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान पहले उसकी बाइक लावारिस मिली और बाद में अमरोनिया गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बरगा हार नाले में उसका शव बरामद हुआ।
गला घोंटकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। इसके बाद शव को नाले में फेंककर ऊपर पत्थर रख दिए गए थे ताकि उसे छिपाया जा सके। पोस्टमार्टम के दौरान भी गला दबाने और गले पर किसी नुकीली वस्तु से तीन वार किए जाने के संकेत मिले हैं। बीएमओ डॉ. महेश त्रिवेदी ने बताया कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
पत्नी और प्रेमी पर परिजनों का आरोप
मृतक की बहन रामकली रैकवार और चाचा जमुना रैकवार ने आरोप लगाया कि प्रेमलाल की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी अखिलेश पटेल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। उनका कहना है कि पुलिस पूछताछ में भी कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का बड़ा दांव: घनश्याम सिंह को बनाया प्रत्याशी, भाजपा के आशुतोष तिवारी से होगी टक्कर
चक्का जाम के बाद प्रशासन ने दिया आश्वासन
घटना से नाराज परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए ग्रामीणों के साथ सटई बस स्टैंड पर चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार इंद्र कुमार गौतम, थाना प्रभारी सुनीता विदुआ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
दो संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी सुनीता विदुआ ने कहा कि हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का हर पहलू से जांच की जा रही है।
