फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Sehore news:15+ Bhopal Tourists Turned Back from Digambar Waterfall Amid Monsoon Safety Restrictions

MP: सीहोर में मानसून के बीच सख्ती: 31 अगस्त तक वॉटरफॉल पर एंट्री बैन, भोपाल से पहुंचे पर्यटकों को लौटाया गया

Sun, 12 Jul 2026 11:32 AM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर Published by: सीहोर ब्यूरो Updated Sun, 12 Jul 2026 11:32 AM IST
सार

लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सीहोर जिला प्रशासन ने अमरगढ़, दिगंबर और कालियादेव वॉटरफॉल समेत सभी संवेदनशील जल पर्यटन स्थलों पर 31 अगस्त तक पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। शनिवार को दिगंबर वॉटरफॉल पहुंचे भोपाल के 15 से अधिक पर्यटकों को प्रशासन ने समझाइश देकर वापस लौटा दिया।

विज्ञापन
Sehore news:15+ Bhopal Tourists Turned Back from Digambar Waterfall Amid Monsoon Safety Restrictions
सीहोर के वॉटरफॉल 31 अगस्त तक सील - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सीहोर जिले में लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अमरगढ़, दिगंबर और कालियादेव वॉटरफॉल समेत सभी संवेदनशील जल पर्यटन स्थलों पर 31 अगस्त तक प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। शनिवार को दिगंबर वॉटरफॉल घूमने पहुंचे भोपाल के 15 से अधिक पर्यटकों को प्रशासन ने समझाइश देकर सुरक्षित वापस लौटा दिया।

विज्ञापन

31 अगस्त तक वॉटरफॉल पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित

विज्ञापन

कलेक्टर बालागुरु के. के. के निर्देश पर जिले के सभी जोखिमपूर्ण जल पर्यटन स्थलों पर 31 अगस्त तक आम लोगों और पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लगातार बारिश के कारण वॉटरफॉल, डैम और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई जगह तेज बहाव और फिसलन की स्थिति बनी हुई है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला केवल लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

भोपाल से पहुंचे पर्यटकों को लौटाया गया

शनिवार को भोपाल से 15 से अधिक पर्यटक दिगंबर वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोककर प्रतिबंध की जानकारी दी। नायब तहसीलदार रामलोचन तिवारी ने पर्यटकों को बताया कि लगातार बारिश के कारण वॉटरफॉल क्षेत्र बेहद खतरनाक हो चुका है। समझाइश के बाद सभी पर्यटक बिना किसी विवाद के वापस लौट गए।

बीएनएस की धारा 163 के तहत जारी हुआ आदेश

जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत यह प्रतिबंध लागू किया है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने, तेज बहाव और फिसलन जैसी परिस्थितियों में छोटी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है। इसी वजह से संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।

राजस्व, वन और पुलिस विभाग कर रहे निगरानी

प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए राजस्व, वन, पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रमुख वॉटरफॉल, डैम और जल पर्यटन स्थलों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न करने दिया जाए और जरूरत पड़ने पर मौके पर ही समझाइश देकर वापस भेजा जाए।

हर साल बारिश में बढ़ती है भीड़, हो चुके हैं कई हादसे

मानसून के दौरान सीहोर के वॉटरफॉल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। भोपाल, विदिशा, रायसेन और आसपास के जिलों से लोग यहां घूमने पहुंचते हैं। लेकिन बारिश के मौसम में यही स्थान सबसे ज्यादा खतरनाक साबित होते हैं। अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण पिछले तीन वर्षों में इन प्राकृतिक झरनों पर करीब 20 लोगों की जान जा चुकी है। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए इस बार प्रशासन पहले से ज्यादा सतर्क है।

प्रशासन की अपील- रोमांच नहीं, सुरक्षा को दें प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रोमांच के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करें और वर्षाकाल में जोखिम वाले पर्यटन स्थलों से दूर रहें। प्रशासन का कहना है कि यह अस्थायी प्रतिबंध केवल लोगों की सुरक्षा और जनहानि रोकने के उद्देश्य से लगाया गया है। यदि सभी लोग सहयोग करेंगे तो मानसून के दौरान होने वाले हादसों से बचा जा सकेगा।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed