MP: छिंदवाड़ा के होटल में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार; सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
छिंदवाड़ा के एक होटल में 19 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। उक्त मामले में पुलिस ने दो आरोपियों पर बीएनएस व एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है।
विस्तार
छिंदवाड़ा शहर के एक होटल में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
सोशल मीडिया से पहचान, होटल में बुलाया
पुलिस के अनुसार युवती की पहचान मुख्य आरोपी से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी अतुल घोरसे ने सोमवार को उसे मिलने के लिए बुलाया। आरोपी ने शहर के अंबर होटल में कमरा बुक कराया था। युवती का आरोप है कि कमरे में अतुल अपने दोस्त दुर्गेश हरोड़े के साथ मौजूद था। दोनों ने उसे जबरन बीयर पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से बाहर निकली और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 70(1) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(w-2) और 3(2)(v) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अतुल घोरसे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। फरार आरोपी दुर्गेश हरोड़े की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने होटल प्रबंधन से भी पूछताछ शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकें।
पढ़ें: पूर्णिमा पर खग्रास चंद्रग्रहण, सूतक सुबह से प्रभावी, 2 मार्च को होगा होलिका दहन
जांच जारी, कड़ी कार्रवाई का भरोसा
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शहर में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत परिजनों या पुलिस को सूचना दें।

कमेंट
कमेंट X