दमोह में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने गए दो भाइयों में एक की डूबने से मौत, माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़
दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम परस्वाहा में शनिवार को एक 10 वर्षीय बालक सत्यम अहिरवार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह अपने छोटे भाई के साथ नहाने गया था, लेकिन गहराई में जाने से डूब गया।
विस्तार
दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनवार चौकी के ग्राम परस्वाहा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए दो भाइयों में बड़ा भाई डूब गया, जबकि छोटा भाई यह सब बेबस होकर देखता रह गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय सत्यम अहिरवार पिता नंदराम अहिरवार अपने छोटे भाई के साथ सुबह करीब 9 बजे घर के पास स्थित पुरानी तलैया में नहाने गया था। छोटा भाई किनारे खड़ा था, जबकि सत्यम पानी में उतर गया। वह गहराई में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर छोटा भाई घबराकर घर भागा और दादा-दादी को सूचना दी।
चाचा तिलक अहिरवार तत्काल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और तलैया में उतरकर सत्यम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्चे की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही बनवार चौकी प्रभारी मनीष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
ये भी पढ़ें- Cough Syrup: 'ड्रग कंट्रोलर को क्लीन चिट क्यों? मतलब भ्रष्टाचार हुआ' जीतू पटवारी ने स्वास्थ्य मंत्री को घेरा
घर में शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। माता-पिता उस समय भोपाल में मजदूरी करने गए हुए थे। जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे बदहवास हालत में गांव के लिए रवाना हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि बीते चार वर्षों में यह दूसरी घटना है जब इसी पुरानी तलैया में बच्चे की डूबने से मौत हुई है। गांव वालों ने प्रशासन से मांग की है कि तलैया के गहरे हिस्से के चारों ओर सुरक्षा प्रबंध और चेतावनी संकेत लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

कमेंट
कमेंट X