{"_id":"67ff697a70502d644102d480","slug":"water-crisis-in-jhinjhari-village-villagers-came-out-on-the-road-with-empty-utensils-dindori-news-c-1-1-noi1225-2840633-2025-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dindori News: झिंझरी गांव में जलसंकट, खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, हाईवे किया जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dindori News: झिंझरी गांव में जलसंकट, खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, हाईवे किया जाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डिंडौरी
Published by: डिंडोरी ब्यूरो
Updated Wed, 16 Apr 2025 02:39 PM IST
विज्ञापन
सार
डिंडौरी के झिंझरी गांव में जल संकट से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर तीन घंटे प्रदर्शन किया। गांव में हैंडपंप ही एकमात्र जल स्रोत है, जो सूख चुका है। प्रशासन ने समाधान का आश्वासन दिया है और जल्द पाइपलाइन से पानी आपूर्ति शुरू करने की बात कही है।
पानी को लेकर विद्रोह प्रदर्शन करते ग्रामीण
विज्ञापन
विस्तार
डिंडौरी जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र के झिंझरी गांव में जल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। बुधवार सुबह 7.30 बजे पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाएं, पुरुष और बच्चे अपने-अपने खाली बर्तन लेकर शहडोल-पंडरिया हाईवे पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
Trending Videos
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में पानी की समस्या कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। सड़क टोला क्षेत्र में रहने वाले संदीप सारीवान ने बताया कि इस इलाके में लगभग 30 परिवार निवास करते हैं और पूरे क्षेत्र में पानी का एकमात्र स्रोत एक हैंडपंप है, जिसका जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। जिससे हैंडपंप से पानी निकालना मुश्किल हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- गर्मी से राहत पाने तालाब में उतरा बाघ, बांधवगढ़ के खितौली जोन का वीडियो वायरल
बच्चे पढ़ भी नहीं पा रहे
उन्होंने बताया कि नल-जल योजना के तहत गांव में पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन आज तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। ग्रामीणों को रोजाना दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। जल संकट के चलते बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और दैनिक कार्यों में कठिनाई आ रही है।
ये भी पढ़ें- निर्माणाधीन कुआं धंसा, एक महिला दबी, चार घंटे चले रेस्क्यू के बाद भी नहीं बच सकी जान
तीन घंटे बंद रहा यातायात
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। अधिकारियों द्वारा तीन घंटे तक ग्रामीणों से चर्चा की गई और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद सुबह 10.30 बजे हाईवे को खोला जा सका और यातायात बहाल हुआ।
अफसर ने दिया आश्वासन
पीएचई विभाग के एसडीओ प्रमोद उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल संकट को जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है और कुछ ही दिनों में ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

कमेंट
कमेंट X