पटाखा फैक्ट्री में आग, 15 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश में उज्जैन के पास बड़नगर में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग के कारण करीब 15 लोगों की मृत्यु हो गई है। प्रशासन ने अब तक 11 महिलाओं और 2 पुरुषों के शव बरामद किए हैं। पांच लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बड़नगर में पहले भी इस तरह का हादसा हो चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटाखा फैक्ट्री में हादसे के वक्त करीब दो दर्जन लोग थे। फैक्ट्री भारी विस्फोट के कारण मलबे में तब्दील हो गई है। कई लाशें बुरी तरह जल गई हैं, जिनकी पहचान तक नही की जा सकी है। प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंच गया है।
पहले भी हुए है हादसे
लोगों का कहना है कि आग लगते ही फैक्ट्री में रखे पटाखे जलने लगे और वहां काम करने वालों को ज्यादा मौका भी नहीं मिल पाया। दमकलकर्मियों के घटनास्थल तक पहुंचने के पहले ही वहां फैक्ट्री जल चुकी थी।
दमकल ने जल्दी ही आग पर नियंत्रण कर लिया है। घटना के लिए प्रशासनिक विफलता को कारण माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वालों में से किसी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
खेतों में यह फैक्ट्री बनी है। इस तरह की और भी पटाखा फैक्ट्री बड़नगर में काम कर रही हैं। पहले भी इस तरह के हादसे बड़नगर में हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अप्रशिक्षित मजदूरों की लापरवाही के कारण इस तरह के हादसे होते रहते हैं।