सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Guna News ›   Dodachura consignment worth Rs 70 lakh coming from Rajasthan to MP seized, interstate smuggler trapped in

MP: गुना में 70 लाख का डोडाचूरा जब्त, राजस्थान से एमपी आ रही थी यह खेप; घेराबंदी में फंसा अंतरराज्यीय तस्कर

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना Published by: गुना ब्यूरो Updated Sun, 21 Jun 2026 08:37 PM IST
विज्ञापन
सार

गुना पुलिस ने म्याना थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 106 किलो से अधिक डोडाचूरा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 70 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में तस्करी नेटवर्क के तार राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

Dodachura consignment worth Rs 70 lakh coming from Rajasthan to MP seized, interstate smuggler trapped in
70 लाख रुपये का डोडा चूरा जब्त किया गया।
विज्ञापन

विस्तार

गुना पुलिस ने नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए 70 लाख रुपये मूल्य की डोडाचूरा की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। राजस्थान से मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही म्याना थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर सफेद फोर्स ट्रेक्स वाहन को जंगल में रोक लिया। भागने की कोशिश कर रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में म्याना थाना पुलिस को मंगलवार देर शाम सूचना मिली कि फतेहगढ़-बमोरी मार्ग से एक सफेद ट्रेक्स वाहन क्रमांक MP08 ZK 4756 भारी मात्रा में डोडाचूरा लेकर पाटई हाईवे की ओर जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन और एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में तत्काल टीम गठित की गई। ऊमरी-पाटई रोड पर रणनीतिक नाकाबंदी कर दी गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

खुद को घिरता देख चालक वाहन छोड़कर झाड़ियों में कूदा 
रात करीब 9 बजे ऊमरी की ओर से संदिग्ध ट्रेक्स आती दिखाई दी। पुलिस वाहन देखकर चालक ने अचानक स्टेयरिंग घुमाया और गोपालपुरा के घने जंगलों की ओर वाहन दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक वाहन छोड़कर झाड़ियों में कूद गया, लेकिन पहले से मुस्तैद जवानों ने कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव सिंह बंजारा (32) निवासी मदनाखेड़ी, थाना बापचा, जिला बारां (राजस्थान) के रूप में हुई है।

विज्ञापन

वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर पीछे की सीटें हटाकर बनाए गए गुप्त चैंबर से सात प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। प्रत्येक बोरे में सूखा डोडाचूरा भरा हुआ था। वजन करने पर कुल मात्रा 106.460 किलोग्राम निकली। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त फोर्स ट्रेक्स वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 70 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।

पूछताछ में इस रूट का चला पता
प्रारंभिक पूछताछ में देव सिंह ने स्वीकार किया कि वह बारां और झालावाड़ क्षेत्र से डोडाचूरा लाकर गुना, शिवपुरी और अशोकनगर क्षेत्र में इसकी सप्लाई करता था। यह खेप बीनागंज के रास्ते भोपाल पहुंचाई जानी थी। पूछताछ में उसने नेटवर्क से जुड़े कुछ स्थानीय सप्लायरों के नाम भी बताए हैं। पुलिस का मानना है कि इस रैकेट की जड़ें राजस्थान के प्रतापगढ़ तथा मध्य प्रदेश के नीमच और मंदसौर तक फैली हुई हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें बारां रवाना कर दी गई हैं।

ये भी पढ़ें- MP: भाजपा नेता के घर हुई चोरी का पर्दाफाश, कई राज्यों से जुड़े थे गैंग के तार; पांच सदस्य गिरफ्तार माल बरामद

15 दिनों में गुना पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई
म्याना थाने में आरोपी देव सिंह और उसके फरार साथियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/26 के तहत धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वित्तीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि तस्करी से अर्जित संपत्तियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में गुना पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले आरोन थाना पुलिस ने 40 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से संकेत मिल रहे हैं कि राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा नशा तस्करों के लिए नया कॉरिडोर बनती जा रही है। इसे देखते हुए पुलिस ने हाईवे के साथ-साथ कच्चे और जंगली रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed