LPG Crisis: तकनीकी गड़बड़ी में उलझी गैस की पर्ची, गुना में व्यावसायिक उपयोग में आ रहे 13 घरेलू सिलिंडर जब्त
रसोई गैस सिलिंडरों की किल्लत से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। बुकिंग के कई दिन बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक है।
विस्तार
जिले में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। शहर की गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज और परेशान नजर आ रहे हैं। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव की चर्चाओं ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। कई लोग मान रहे हैं कि वैश्विक हालात का असर स्थानीय गैस आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।
शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लग रही है। उपभोक्ता अपने खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं लेकिन कई बार उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बुकिंग के कई दिन बाद भी सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिससे घरेलू रसोई का काम प्रभावित हो रहा है।
एक उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने 6 तारीख को गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी। कुछ दिनों बाद उनके मोबाइल पर डिलीवरी सफल होने का संदेश भी आ गया लेकिन वास्तविकता में उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। जब वे एजेंसी पहुंचे तो कर्मचारियों ने पहले मैसेज दिखाने को कहा लेकिन बाद में यह कहकर टाल दिया कि सर्वर डाउन है और पर्ची नहीं निकल रही, इसलिए सिलिंडर नहीं दिया जा सकता। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी कर्मचारी अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों को टाल रहे हैं।
शहर की कई गैस एजेंसियों पर ऐसे ही हालात बने हुए हैं। कई परिवार ऐसे हैं, जिनके घरों में गैस खत्म हो चुकी है और उन्हें खाना बनाने में परेशानी हो रही है। कुछ लोग मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेने लगे हैं।
ये भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका जंग का असर: प्रदेश से चावल, टेक्सटाइल, केले और दवाइयों के करोड़ों के निर्यात पर संकट
इस मामले में खाद्य आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडे ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण गैस वितरण में अस्थायी दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सॉफ्टवेयर अपडेट और सर्वर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण ओटीपी और पर्ची जनरेट होने में समस्या हो रही है। इसी वजह से कुछ जगहों पर सिलिंडर वितरण प्रभावित हुआ है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वास्तविक रूप से किसी तरह की कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि समस्या को देखते हुए एजेंसियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बिना ओटीपी के भी सिलिंडर देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी न हो। स्थिति को सामान्य बनाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई फिलहाल रोक दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस समय घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अस्थायी रूप से वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इससे कई होटल संचालक भी परेशान नजर आ रहे हैं।
इधर खाद्य विभाग ने अवैध गैस सिलिंडरों के खिलाफ कार्रवाई भी तेज कर दी है। हाल ही में चलाए गए अभियान के दौरान जिले में 13 घरेलू और एक कमर्शियल गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं। विभाग का कहना है कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चाचौड़ा क्षेत्र में सिलिंडर जब्ती की कार्रवाई के दौरान दो लोगों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालने की कोशिश भी सामने आई। इस मामले में खाद्य विभाग ने दोनों के खिलाफ चाचौड़ा थाने में मामला दर्ज कराया है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने गैस की संभावित कालाबाजारी और कृत्रिम कमी को रोकने के लिए भी सख्ती बढ़ा दी है। यदि कोई गैस डीलर बुकिंग के बाद सिलिंडर नहीं दे रहा है या एमआरपी से ज्यादा पैसे मांग रहा है, तो उपभोक्ता शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं-
इंडेन गैस: 1800-2333-555
भारत गैस: 1800-22-4344
एचपी गैस: 9493602222
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X