Indore: ईद पर रिश्तेदार के घर जा रहा बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार, बच्ची की दर्दनाक मौत
इंदौर में ईद की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। यह हादसा बंगाली कॉलोनी चौराहे के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
विस्तार
इंदौर में ईद पर रिश्तेदार के यहां मिलने जा रहे एक बाइक सवार की टक्कर अज्ञात वाहन से हो गई। बाइक पर युवक के अलावा उसकी बहन और भांजी भी सवार थी। टक्कर से भाई-बहन घायल हो गए, लेकिन चार साल की भांजी की जान नहीं बच सकी। यह घटना बंगाली कॉलोनी चौराहे के समीप हुई। टक्कर किस वाहन ने मारी, यह भी बाइक सवार को पता नहीं है। घटना के बाद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
माणिकबाग निवासी सुफियान उनकी बहन और भांजी इकरा के साथ जा रहे थे। वे अपने खजराना में रहने वाले रिश्तेदार के घर के लिए रवाना हुए थे। बंगाली कॉलोनी ब्रिज के पहले रिंग रोड के कट से तेजी से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी और तेजी से निकल गया।
संतुलन बिगड़ने से सुफियान की बाइक सड़क पर गिर पड़ी और तीनों को गंभीर चोटें आईं। चार साल की इकरा सिर के बल सड़क पर गिरी और उसे अंदरूनी चोट आई। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी वाहन को टक्कर मारते हुए नहीं देखा। लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
अब पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है। इसी तरह एक अन्य घटना में सिलिकॉन सिटी निवासी पप्पू पिता आशाराम की लसूड़िया में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मूल रूप से विदिशा का निवासी था और फसल कटवाने गया था। वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने जेब में मिले फोन से परिजनों को सूचना दी।

कमेंट
कमेंट X