Indore: पिंजरे में रखे भोजन को खाने आया तेंदुआ हुआ कैद, तीन दिन से घूम रहा था टाउनशिप में
तीन दिन से रहवासियों को नजर आ रहा तेंदुआ बुधवार सुबह पिंजरे में कैद हो गया। वह बायपास की एक टाउनशिप में घूम रहा था। उसने एक कुत्ते का शिकार भी किया था।
विस्तार
इंदौर के बायपास की सहारा टाउनशिप में वन विभाग के पिंजरे में तेंदुआ कैद हुआ है। तीन दिन से तेंदुआ रहवासियों को नजर रहा था। उसने एक कुत्ते का शिकार भी किया था। वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए तीन दिन पहले पिंजरा लगाया था। पिंजरे में रखे भोज को खाने मंगलवार रात तेंदुआ पिंजरे में आया और कैद हो गया। वन विभाग का अमला उसे चिडि़याघर लाया। डाॅक्टरों द्वारा उसका परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उसे फिर जंगल में छोड़ा जाएगा।
बायपास पर रालामंडल व तिल्लौर के जंगल में अक्सर तेंदुए लोगों को नजर आते है,लेकिन तीन दिन से एक तेंदुआ सहारा टाउनशिप में दिखाई दे रहा था। इस कारण शाम को बच्चों ने टाउनशिप के गार्डन व खुले हिस्से में जाना बंद कर दिया था और शाम को भी रहवासी अकेले नहीं निकल रहे थे। वन विभाग को तेंदुए के पंजे के निशान मिले थे। उसके मूवमेंट के आधार पर पिंजरे लगाए गए थे, लेकिन दो दिन से तेंदुआ पिंजरे में नहीं आ रहा था। बुधवार सुबह पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया तो रहवासियों ने वन विभाग को सूचना दी।
रहवासियों ने अफसरों को बताया कि तेंदुए के साथ दो शावक भी नजर आते थे, हालांकि पिंजरे में सिर्फ तेंदुआ ही कैद हुआ है। प्राणी संग्रहालय के डाॅक्टरों का कहना है कि तेंदुए की उम्र चार साल है। वह पुरी तरह स्वस्थ्य है। परीक्षण के बाद उसे जंगल में फिर छोड़ दिया जाएगा। तेंदुआ गुस्सैल स्वभाव का है। वह बार बार गुर्रा रहा था। तेंदुए के पकड़े जाने से रहवासियों ने राहत की सांस ली।

कमेंट
कमेंट X