Indore News: इंदौर की बेटी सारा ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में जीता चुनाव, सचिव बनी
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ रही इंदौर की बेटी सारा लुणावत ने विदेश में मान बढ़ाया है। वे ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसायटी का चुनाव जीतकर सचिव बनी हैं। सारा को 900 में से 523 वोट मिले। वे साल भर पहले ही पढ़ने के लिए वहाँ गई थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उच्च शिक्षा के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ रही इंदौर की बेटी ने विदेश में अपना परचम लहराया है। सारा लुणावत ने ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसायटी के चुनाव में जीत हासिल की है। वह इंदौर की पहली छात्रा हैं, जिन्होंने चुनाव जीतकर सचिव पद प्राप्त किया है।
लंबे समय बाद किसी भारतीय छात्रा ने यह सफलता हासिल की है। सारा को चुनाव में 900 में से 523 वोट मिले और वह विजयी रहीं। इस सफलता पर खुशी जताते हुए सारा ने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ मतदाताओं ने उन्हें चुना है, वे उन उम्मीदों पर खरी उतरने और विद्यार्थियों के हितों के लिए काम करने की पूरी कोशिश करेंगी।
सारा ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में विधि (कानून) विषय की छात्रा हैं। वह एक वर्ष पहले इंदौर से पढ़ाई के लिए वहाँ गई थीं। ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसायटी के चुनाव जून में हुए थे। सारा ने सचिव पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उन्हें विश्वास था कि वे चुनाव जीतेंगी। 26 जुलाई को जब चुनाव परिणाम घोषित हुए, तो सारा सचिव पद का चुनाव जीत गईं।
सारा ने बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसायटी में पुरुष पदाधिकारियों की संख्या अधिक है। ऐसे में एक छात्रा के रूप में चुनाव लड़ना और जीत हासिल करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और चुनाव लड़ा। सारा का कहना है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे भारत लौटेंगी और विदेश नीति के क्षेत्र में कार्य करेंगी।
