Indore: इंदौर में सामान्य से छह डिग्री लुढ़का पारा, दिन में भी बढ़ी ठंडक
इंदौर में शीतलहर का दौर लगातार जारी है। सोमवार रात पारा छंह डिग्री से नीचे रहा। अब दिन में भी ठंडक बढ़ गई है। मौसम में ठंड के तेवर लगातार तीखे होते जाएंगे। दिसंबर माह तक इंदौर शीतलहर के आगोश में रहेगा।
विस्तार
इंदौर में मौसम में लगातार हलके उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे है। रविवार को जहां दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था, वहीं सोमवार को दिन का तापमान 25.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था,जबकि सोमवार रात का तापामान 5.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। रविवार रात के तापमान की तुलना में पारा एक डिग्री अौर लुढ़का। रविवार को 6.6 डिग्री तापमान था।
इंदौर में शीत लहर का दौर लगातार जारी है। चार दिन पहले तक दिन और रात के तापमान में काफी अंतर था, लेकिन सोमवार को दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। बर्फिले इलाकों में लगातार बर्फबारी के कारण राजस्थान व मध्य प्रदेश के हिस्सों में ठंडी हवाएं आ रही है और तापमान तेजी से लुढ़क रहा है। सोमवार रात को शहर की सड़कें हल्की कोहरे की चादर से घिरी हुई थी।
रात को ठंड के तेवर भी तीखे हो गए थे। सड़कों पर ट्रैफिक आम दिनों की तुलना में कम नजर आता था। उधर मंगलवार की सुबह भी ओस की बूंदों से नहाई हुई थी। लंबे समय बाद पेड़ पौधों पर ओस की बूंदे मोतियों जैसी विराजमान थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हो रही है। उत्तरी हवाएं देश के मैदानी हिस्सों में ठंडक बढ़ा रही है। यह दौर लगातार जारी रहेगा। तापमान में लगातार गिरावट नजर आएगी।

कमेंट
कमेंट X