Indore News: नाले में रात को बहा था युवक, सुबह शव मिला, दूसरे युवक की तलाश जारी
इंदौर में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में दो युवक उफनते नालों में बह गए। लसूड़िया क्षेत्र में एक युवक का शव गुरुवार सुबह बरामद हो गया, जबकि अहिरखेड़ी में बहा दूसरा युवक देर दोपहर तक लापता रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर में बुधवार रात हुई तेज बारिश के दौरान नाले में दो युवकों के बह जाने की घटनाएं सामने आई हैं। एक युवक बुधवार रात नाले में बह गया था। रात में उसकी तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह बचाव दल मौके पर पहुंचा और युवक की खोजबीन शुरू की।
युवक का शव नाले की झाड़ियों में मिला। यह घटना लसूड़िया क्षेत्र की है। इसी क्षेत्र में रहने वाला युवक गोलू पंवार अपने पिता के लिए टिफिन लेकर जा रहा था। तभी नाले के तेज बहाव में वह फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया। कुछ लोगों ने उसे बहते हुए देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात के समय अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान अधिक देर तक नहीं चल सका। गुरुवार सुबह टीम फिर मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद गोलू का शव नाले से बरामद किया गया। जब परिजनों ने शव देखा तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गोलू एक फैक्टरी में काम करता था, जबकि उसके पिता एक कंपनी में सुरक्षाकर्मी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है।रहवासियों ने बताया कि नाले के पास सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगाई गई है। नाले के किनारे बच्चे भी खेलते रहते हैं। ऐसे में कई बार हादसे की आशंका बनी रहती है।
नाले में युवक के बहने की दूसरी घटना अहिरखेड़ी में हुई। यहां नाले के तेज बहाव में महेश चौहान नामक युवक बह गया, जिसका गुरुवार दोपहर तक कोई पता नहीं चल सका। बुधवार रात वह तेज बारिश के बीच पुल की रपट पार कर रहा था। इसी दौरान तेज बहाव के कारण उसका पैर फिसल गया और वह नाले में बह गया। उसके साथ उसका दोस्त मनीष भी था।
वह भी पानी में बहने लगा, लेकिन किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। महेश की रातभर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह बचाव दल ने नाले के करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में उसकी तलाश की। अधिकारियों का मानना है कि नाले में बहाव काफी तेज था, इसलिए वह काफी दूर तक बह गया होगा।
