कांग्रेस की सायकल रैली के लिए छात्रों को दो हजार का ऑफर, भाजपा प्रवक्ता ने की शिकायत
इंदौर से भोपाल तक निकलने वाली कांग्रेस की साइकिल रैली को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि रैली में शामिल होने के लिए छात्रों को दो-दो हजार रुपये का प्रलोभन दिया जा रहा है और उन पर दबाव भी बनाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर से भोपाल तक मंगलवार को निकलने वाली कांग्रेस की साइकिल रैली को लेकर भाजपा ने छात्रों को प्रलोभन देने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस से भाजपा में हाल ही में शामिल हुए प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि इंदौर के छात्रावासों में कांग्रेस के नेता जा रहे हैं और साइकिल रैली में शामिल होने के लिए दो-दो हजार रुपये का प्रलोभन दे रहे हैं। जो छात्र जाना नहीं चाहते, उन पर दबाव भी बनाया जा रहा है।
यादव ने इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत की है, जिसमें कहा गया है कि विभिन्न छात्रों की ओर से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि कुछ शासकीय एवं निजी छात्रावासों तथा कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हें साइकिल रैली (साइक्लोथॉन) में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इन शिकायतों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शिकायतों में यह भी कहा गया है कि विद्यार्थियों को आर्थिक प्रलोभन देने तथा उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। कुछ व्यक्तियों द्वारा छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संपर्क किया गया। यदि बिना वैधानिक अनुमति या संस्थान के नियमों का पालन किए ऐसा किया गया है, तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि जिला प्रशासन समस्त शासकीय एवं निजी छात्रावासों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों तथा छात्रावास संचालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे कि किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी पूरी तरह स्वैच्छिक हो तथा यदि विद्यार्थी छात्रावास में रह रहे हों, तो संस्थान अपने नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप अभिभावकों को सूचित करने जैसी उचित प्रक्रिया अपनाएं। यादव ने छात्रों द्वारा उन्हें किए गए कॉल की फोन रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है।आपको बता दें कि इंदौर से मंगलवार सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी साइकिल से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल तक साइकिल चलाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
