{"_id":"69209676feb00dec0d047d08","slug":"brothers-arrested-for-robbing-rs-19-lakh-from-a-grain-merchants-accountant-in-poverty-jabalpur-news-c-1-1-noi1229-3656083-2025-11-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jabalpur News: मुनीम से 19 लाख लूटने वाले दोनों भाई गिरफ्तार, बीमार परिजनों की दवाई के लिए की थी वारदात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jabalpur News: मुनीम से 19 लाख लूटने वाले दोनों भाई गिरफ्तार, बीमार परिजनों की दवाई के लिए की थी वारदात
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जबलपुर
Published by: जबलपुर ब्यूरो
Updated Fri, 21 Nov 2025 10:54 PM IST
विज्ञापन
सार
विजय नगर कृषि उपज मंडी में मुनीम पर रॉड से हमला कर 19 लाख रुपये लूटने वाले दो भाई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए। आर्थिक तंगी, कर्ज, परिजनों की बीमारी और बहन की शादी के खर्च के कारण उन्होंने वारदात की। पुलिस ने 14.71 लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद किया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
विजय नगर थाना क्षेत्रांतर्गत कृषि उपज मंडी में गत दिनों गल्ला व्यापारी के मुनीम पर रॉड से हमला कर उन्नीस लाख रुपये की लूट करने वाले आरोपी भाइयों को पुलिस ने धरदबोचा है। आरोपियों ने मुफ़लिसी से तंग आकर इस वारदात को अंजाम दिया था। दरअसल, आरोपी दादी व पिता की बीमारी तथा बहन की शादी के लिए परेशान थे और उन पर कर्ज भी लगातार बढ़ता जा रहा था, जिसके कारण उन्होंने यह लूट की घटना की। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 लाख 71 हजार 490 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त एक्सिस वाहन, फोल्डिंग रॉड और दो चाइना मोबाइल जब्त किए हैं।
Trending Videos
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 19 नवंबर को हनुमानताल खाई मोहल्ला निवासी विकास साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी। विकास, सतीश केशरवानी की एमएलजी सेल्स (फर्म), दुकान नंबर G-40 कृषि उपज मंडी विजय नगर में लगभग 12 साल से मुनीम के रूप में कार्यरत है। दुकान मालिक ने उसे 19 लाख रुपये का एचडीएफसी बैंक, विजयनगर शाखा का चेक नगद कराने के लिए दिया था।
ये भी पढ़ें- मस्जिद निर्माण के लिए खोदी जा रही थी नींव, खुदाई में निकलीं हिंदू देवी-देवता की प्राचीन प्रतिमाएं
विकास अपने सेठ की प्लेज़र स्कूटी, एचपी कंपनी का काले-ग्रे रंग का लैपटॉप बैग लेकर बैंक गया। बैंक में चेक देकर उसने 19 लाख रुपये प्राप्त किए और वापस मंडी की ओर लौट रहा था। मंडी गेट नंबर-1 के पास दोपहर करीब पौने चार बजे मनीष हार्डवेयर की दुकान के पीछे वाली सड़क पर पहुंचते ही एक अज्ञात व्यक्ति, जो मास्क पहने हुए था, कार के बगल से निकला और पीछे से उसके सिर पर रॉड जैसी वस्तु से वार कर दिया। वार से विकास गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसके कंधे और हाथ पर भी रॉड से हमला किया और रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोल दी पूरी कहानी
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी मास्क लगाए दिखाई दिए। सुरागों के आधार पर मेडिकल स्टोर्स सहित अन्य स्थानों के भी फुटेज देखे गए। जांच के दौरान पुलिस ने मोहित मनवानी उर्फ राहुल (26 वर्ष) और ऋषि मनवानी (18 वर्ष), दोनों निवासी गोल्डन टाउन कॉलोनी, ग्रीन सिटी रोड, थाना माढ़ोताल को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली।
ये भी पढ़ें- पीतांबरा पीठ पर निर्माणाधीन मुख्य द्वार गिरने के मामले में ठेकेदारों पर FIR, प्रबंधन से मांगा जवाब
14.71 लाख की नकदी बरामद, बाकी रकम कर्ज और खर्चों में लगाई
पुलिस ने आरोपियों से 14,71,490 रुपये बरामद किए। उन्होंने बताया कि शेष राशि बहन की शादी के लिए गहने खरीदने, बैंक खाते में जमा करने और अन्य भुगतान में खर्च कर दी। पुलिस ने चाइना फोल्डिंग रॉड तथा घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग की एक्सिस स्कूटी भी जब्त कर ली। शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
कर्ज, बीमारी और पारिवारिक दबाव बना वारदात का कारण
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी परिवार पिछले कुछ वर्षों पूर्व सिंगरौली से यहां आकर बस गया था। उन्होंने रजिस्टर मैन्युफैक्चरिंग का काम शुरू किया था, लेकिन घाटा होने पर वे कर्ज में डूब गए। उनकी दादी और पिता बीमार रहते हैं, बहन की शादी का खर्च और छोटे भाई की फीस जैसे दबाव भी थे। आरोपी राहुल ने एक दिन मुनीम विकास को बैंक से रुपये ले जाते देखा था, जिसके बाद उसने लूट की योजना बनाई और अपने भाई को भी इस वारदात में शामिल कर लिया।

कमेंट
कमेंट X