जबलपुर के कॉलेज में गबन का मामला: महिला कैशियर पर 8 लाख रुपये के हेरफेर का आरोप, मामला दर्ज
जबलपुर के माढ़ोताल क्षेत्र में एक कॉलेज की महिला कैशियर पर करीब 8 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। ऑडिट में फीस राशि में हेरफेर सामने आने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक कॉलेज की महिला कैशियर द्वारा करीब आठ लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह गबन पिछले तीन वर्षों के दौरान किया गया।
माढ़ोताल थाना पुलिस के अनुसार करमेता स्थित डॉ. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में बताया गया कि कॉलेज में कैशियर के पद पर कार्यरत प्रियंका शर्मा ने फीस और अन्य मदों में जमा होने वाली राशि में हेरफेर किया।
प्रारंभिक लेखा परीक्षण में सामने आया कि सत्र 2023–24 में कैश बुक में कुछ रसीदों को ऑनलाइन दर्शाकर करीब 2 लाख 14 हजार 900 रुपये की राशि का गबन किया गया। इसके अलावा नवंबर माह में कॉलेज में एनएएसी (NAAC) से संबंधित कार्य चल रहा था, जिसके लिए लगभग एक लाख रुपये नकद निकाले गए थे।
पढ़ें: भोपाल में दुश्मन की दोस्ती पड़ी भारी: युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, अस्पताल में छोड़कर भागे बदमाश
जांच में यह भी पाया गया कि कई छात्रों से फीस लेने के बाद उन्हें आधिकारिक रसीद देने के बजाय हस्ताक्षरित पर्ची दी गई। इन पर्चियों के माध्यम से ली गई राशि करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है, जिसे कॉलेज के बैंक खाते में जमा किया जाना था, लेकिन वह जमा नहीं की गई।
शिकायत के अनुसार प्रियंका शर्मा ने छात्रों से ली गई फीस की राशि अपने पास रखकर अमानत में खयानत की। इस संबंध में पूर्व में सूचना देने पर उन्होंने आश्वासन दिया था कि 15 से 28 फरवरी के बीच पूरी राशि जमा कर देंगी। इसके एवज में उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, गोविंदपुरा भोपाल का एक ब्लैंक चेक भी कॉलेज में जमा कराया था।हालांकि इसके बाद से प्रियंका शर्मा लगातार कॉलेज से अनुपस्थित हैं और फोन कॉल या संदेश का जवाब भी नहीं दे रही हैं।
शिकायत की जांच के दौरान छात्रों के बयान दर्ज किए गए और ऑडिट रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। जांच में यह सामने आया कि छात्रों से नकद ली गई फीस को रजिस्टर में ऑनलाइन दिखाकर लगभग 2 लाख 44 हजार रुपये कॉलेज के बैंक खाते में जमा नहीं किए गए। पुलिस ने आरोपी प्रियंका शर्मा (42), निवासी कचनार सिटी, विजयनगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

कमेंट
कमेंट X