MP News: ओंकारेश्वर में शीघ्र दर्शन के लिए बड़ा फैसला, 6 हजार ऑनलाइन टिकट रोज होंगे जारी
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑनलाइन शीघ्र दर्शन टिकटों की संख्या 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार प्रतिदिन कर दी है। प्रशासन का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को समयबद्ध दर्शन मिलेंगे और भीड़ का दबाव कम होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑनलाइन शीघ्र दर्शन टिकटों की संख्या बढ़ा दी है। अब प्रतिदिन 4 हजार की जगह 6 हजार श्रद्धालु ऑनलाइन शीघ्र दर्शन का लाभ ले सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि इस फैसले से श्रद्धालुओं को समय पर दर्शन मिलेंगे और मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव भी कम होगा।
मंदिर की आय में होगी 6 लाख रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी
अब तक प्रतिदिन 4 हजार श्रद्धालु 300 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट लेकर मंदिर पहुंचते थे, जिससे लगभग 12 लाख रुपये की आय होती थी। टिकटों की संख्या 6 हजार होने के बाद केवल 300 रुपये वाले टिकटों से ही प्रतिदिन करीब 18 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। यानी मंदिर की आय में प्रतिदिन लगभग 6 लाख रुपये की बढ़ोतरी होगी। यदि अन्य टिकटों और दान राशि को भी जोड़ दिया जाए तो कुल आय इससे कहीं अधिक हो सकती है।
क्या बोले मंदिर के प्रबंध ट्रस्टी
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के प्रबंध ट्रस्टी राजा राव पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पहले 4 हजार टिकटों की बुकिंग जल्दी पूरी हो जाती थी। इसके कारण कई श्रद्धालु शीघ्र दर्शन से वंचित रह जाते थे। इसी वजह से टिकटों की संख्या बढ़ाकर 6 हजार कर दी गई है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की आय को लेकर कहा कि जल्द ही ट्रस्ट की बैठक आयोजित की जाएगी। ऑडिट पूरा होने के बाद मंदिर की पूरी आय सार्वजनिक कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर की दान पेटियों से मिलने वाली राशि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में गिनी जाती है। वे स्वयं भी इस प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहते हैं।
श्रावण मास से पहले तैयारियों पर जोर
प्रबंध ट्रस्टी ने बताया कि कुछ ही दिनों में श्रावण मास शुरू होने वाला है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचेंगे। यदि अभी से सामान्य दर्शन व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो श्रावण में भीड़ को संभालना और चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
ये भी पढ़ें- MP: खुद को घिरा देख लुटेरे ने चली धुएं की चाल! पुलिस की सूझबूझ के आगे फेल हुई प्लानिंग, टली करोड़ों की डकैती
आय-व्यय सार्वजनिक करने की मांग
भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम सिंह मौर्य ने मंदिर ट्रस्ट की आय और खर्च का नियमित ऑडिट सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहले दान पेटियां नगर के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोली जाती थीं। अब पहले जैसी पारदर्शिता दिखाई नहीं देती। यदि सभी काम नियमों के अनुसार हो रहे हैं तो आय और खर्च का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
समाजसेवी ने सामान्य दर्शन व्यवस्था सुधारने की मांग की
समाजसेवी प्रदीप ठाकुर का कहना है कि यदि सामान्य श्रद्धालुओं को भी आधे घंटे से एक घंटे के भीतर आसानी से दर्शन मिलने लगें, तो अधिकांश लोगों को 300 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट लेने की जरूरत ही महसूस नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सामान्य दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने पर भी ध्यान देना चाहिए।
