पेट्रोल-डीजल: शिवराज के मंत्री का दार्शनिक अंदाज, बोले- जीवन में परेशानी ही देती है आनंद
देश की जनता पेट्रोलियम पदार्थों के बेतहाशा मूल्यों से परेशान है। जब मप्र के एक मंत्री से इस बारे में मीडिया ने सवाल पूछा तो वे दार्शनिक अंदाज में जवाब देने लगे।
विस्तार
मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा से पूछा गया था कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से जनता परेशान है, आप क्या कहेंगे? इस पर मंत्री जी ने कहा- 'जिंदगी में परेशानी ही सुख का आनंद देती है जब तक एक भी परेशानी न आये तो आनंद भी नहीं आता है।'
जिंदगी में परेशानी ही सुख का आनंद देती है जब तक एक भी परेशानी न आये तो आनंद भी नहीं आता है: 'पेट्रोल डीज़ल के बढ़ते दामों से जनता परेशान हैं' के सवाल पर मध्यप्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा pic.twitter.com/thZpXhZjh4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 10, 2021
मंत्री का यह बयान जब मीडिया में आया तो सोशल मीडिया में लोग उनके खिलाफ जमकर प्रतिक्रिया देने लगे। सचिन कोहली नाम के एक यूजर ने ट्वीट किया 'आदरणीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी, आपके मंत्री महोदय जी तो बड़ा विचित्र ज्ञान बांट रहें है जरा फुर्सत निकालकर बहुत सी " परेशानियों " से इन्हें आप अवश्य ही रूबरू करवाने की कृपा कीजिए क्योंकि इन्हें सत्ता से प्राप्त सुख में आनंद जो नहीं आ रहा है सर। एस आलम नाम के यूजर ने ट्वीट किया कि 'आखिर नेताजी ने मान लिया कि उनकी पार्टी लोगों को परेशान कर रही है।'
कई राज्यों में दाम 100 रुपये के पार
कई राज्यों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा हो गए हैं। डीजल भी आसमान छू रहा है। लोग पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम से परेशान हैं। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा नगालैंड में भी कुछ जगहों पर पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गए हैं। ईंधन कीमतों में शनिवार को फिर बढ़ोतरी हुई। मौजूदा दाम ऐतिहासिक स्तर पर हैं। दिल्ली में पेट्रोल अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 100.91 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं डीजल 89.88 रुपये प्रति लीटर पर है।