मैहर NH-30 पर बड़ा हादसा टला: चिंगारी से धधकी बस, मिनटों में जलकर हुई खाक; यात्रियों ने कूदकर बचाई अपनी जान
मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर भेड़ा गांव के पास चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी समय रहते बस से उतर गए। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
विस्तार
मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
भेड़ा गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार घटना नादन थाना क्षेत्र के भेड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर हुई। जय भवानी ट्रेवल्स की स्लीपर बस 9 मार्च 2026 को रीवा से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में कटनी के पास बस अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद बस को मरम्मत के लिए रोका गया और तकनीकी सुधार के बाद दोबारा रवाना किया गया।
मरम्मत के बाद बस रीवा की ओर लौट रही थी। इसी दौरान बस क्रमांक MP 30 P 7070 जब भेड़ा गांव के पास पहुंची तो बस के अगले हिस्से से अचानक चिंगारियां उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
चालक-कंडक्टर ने बुझाने की कोशिश
घटना के दौरान बस चालक और कंडक्टर ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। लपटें बढ़ती देख यात्रियों में घबराहट फैल गई। स्थिति गंभीर होते देख चालक ने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। यात्रियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।
पढ़ें: जबलपुर हाईकोर्ट की सुरक्षा में चूक: भ्रूण लेकर कोर्ट रूम पहुंचा याचिकाकर्ता, चार पुलिसकर्मी किए गए निलंबित
डायल-112, पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी सूचना
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात डायवर्ट कराया गया, ताकि कोई अन्य दुर्घटना न हो। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
कुछ समय तक बाधित रहा हाईवे का यातायात
बस में आग लगने की घटना के कारण नेशनल हाईवे-30 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, अन्यथा यह घटना बड़ा हादसा बन सकती थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X