Mandla News: कीटनाशक मिला पानी पीने से एक ही परिवार के 10 सदस्य बीमार, एक बच्चे की हालत गंभीर
मंडला के ग्राम बगली में पीने के पानी में गलती से कीटनाशक मिल जाने से एक ही परिवार के करीब 10 सदस्य बीमार पड़ गए। भोजन के बाद सभी को उल्टी-दस्त हुए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर है, बाकी स्थिर हैं।
विस्तार
मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगली में सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। घर के पीने के पानी में अनजाने में कीटनाशक मिल जाने से एक ही परिवार के करीब 10 सदस्य बीमार पड़ गए। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बगली निवासी किसान छोटेलाल नंदा ने फसलों में कीट नियंत्रण के लिए घर में कीटनाशक रख रखा था। खेलते समय चार वर्षीय मासूम बच्चे के हाथ कीटनाशक लग गया और उसने अनजाने में उसे घर में रखी पीने के पानी की टंकी में मिला दिया।
ये भी पढ़ें- प्रेम की सनक में हैवानियत, सात साल के बेटे की कर दी हत्या, धनपुरी में रूह कंपा देने वाली वारदात
भोजन के बाद अचानक बिगड़ी हालत
रात के समय जब परिवार के सदस्यों ने भोजन किया और उसी पानी का सेवन किया, तो कुछ ही देर में सभी को पेट में तेज़ जलन, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। एक-एक कर सभी की हालत बिगड़ने लगी, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति गंभीर होती देख परिजनों ने बिना देरी किए सभी बीमार सदस्यों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया।
डॉक्टर बोले – स्थिति नियंत्रण में
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीजों की हालत फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि एक बच्चे की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टर लगातार सभी की निगरानी कर रहे हैं।
बीमार हुए परिवार के सदस्य
इस घटना में साधना नंदा (13 वर्ष), रणवीर नंदा (4 वर्ष), गौरा नंदा (30 वर्ष), शोभना नंदा (13 वर्ष), रातरानी नंदा (30 वर्ष), वेदिका नंदा (1 वर्ष), कृष्णा नंदा (9 वर्ष), छोटेलाल नंदा (34 वर्ष) और शोभाराम नंदा (62 वर्ष) सहित अन्य सदस्य बीमार हुए हैं।
बीमारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीमारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।


कमेंट
कमेंट X