MP News: मंडला में जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई, 19 लाख का माल जब्त; सात आरोपी गिरफ्तार
मंडला जिले के बिछिया क्षेत्र में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 3.21 लाख नकद, तीन लग्जरी गाड़ियां और मोबाइल जब्त किए गए। चार आरोपी फरार हैं।
विस्तार
मंडला जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम फोंक सिझौरा में पुलिस ने सुनियोजित घेराबंदी कर छापा मारा, जहां से 3 लाख 21 हजार 200 रुपये नकद, तीन लग्जरी चारपहिया वाहन और आठ स्मार्ट मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम फोंक सिझौरा में उमेश राय उर्फ मुनिया के घर पर बड़े पैमाने पर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद डीएसपी सतीश चतुर्वेदी के नेतृत्व में चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और एक साथ दबिश देकर घेराबंदी की गई।
पढ़ें: सड़क के सवाल पर उबाल, पिंडरुखी में युवाओं ने रोका विधायक का काफिला; बिना उतरे लौटे ओमप्रकाश धुर्वे
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों में वैभव मिश्रा, संजय चौकसे, आनंद बंदेवार, राजेश खमपरिया, फरीद अली, सचिन उद्दे और राजकुमार उर्फ राजा शामिल हैं। वहीं फरार आरोपियों में अतुल कटारे, महेश बंजारा, अलाल कसार और मुख्य आरोपी उमेश राय उर्फ मुनिया का नाम सामने आया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 तथा बीएनएस की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

कमेंट
कमेंट X