{"_id":"66e989cef3436a792d07ecd7","slug":"mandsaur-communal-dispute-commissioner-ig-reached-mandsaur-muslim-community-members-businesses-closed-city-2024-09-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mandsaur Communal Dispute: कमिश्नर-IG पहुंचे मंदसौर, शहर काजी के आव्हान पर मुस्लिम समाजजनों ने बंद रखा व्यवसाय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mandsaur Communal Dispute: कमिश्नर-IG पहुंचे मंदसौर, शहर काजी के आव्हान पर मुस्लिम समाजजनों ने बंद रखा व्यवसाय
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, मंदसौर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Tue, 17 Sep 2024 07:23 PM IST
विज्ञापन
सार
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीम तैनात रही। वहीं, रात भर पुलिस पार्टियां भी नगर में भ्रमण करती रही। रात करीब नौ बजे संभागायुक्त व उज्जैन रेंज आईजी भी मंदसौर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मंदसौर शहर में सोमवार को हुए सांप्रदायिक विवाद के बाद स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रव मचाने वाले 11 लोगों को राउंडअप किया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीम तैनात रही। वहीं, रात भर पुलिस पार्टियां भी नगर में भ्रमण करती रही। रात करीब नौ बजे संभागायुक्त व उज्जैन रेंज आईजी भी मंदसौर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
Trending Videos
मंदसौर के बस स्टैंड क्षेत्र स्थित बड़े बालाजी मंदिर पर सोमवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पथराव करने को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया था। लेकिन पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से कुछ ही घंटे में स्थिति पर काबू पा लिया गया। घटना के बाद सोमवार शाम सात बजे हिंदू संगठनों द्वारा बालाजी मंदिर पर आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए संभागायुक्त संजय गुप्ता और उज्जैन रेंज आईजी संतोष कुमार सिंह भी रात करीब नौ बजे मंदसौर पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में रात में भ्रमण भी किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि रात में गुदरी क्षेत्र में एक युवक के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट व बाइक में तोड़फोड़ की खबर सोशल मीडिया पर चल रही थी, जिसकी जांच करने पर पूर्णतः असत्य पाई गई। अफवाह फैलाने वाले पोस्ट पर साइबर सेल नजर रख रही है। कल हुए विवाद के बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े 11 लोगों को छापेमारी कर हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
अनंत चतुर्दशी को लेकर कलेक्टर-एसपी ने किया झांकी मार्ग का भ्रमण
अनंत चतुर्दशी के अवसर शहर में अलग-अलग स्थानों से करीब 15 झांकियां निकाली जाएंगी, जिसको देखते हुए कलेक्टर अदिति गर्ग, एसपी अभिषेक आनंद, एएसपी गोतम सोलंकी ने मंगलवार दोपहर पुलिस टीम के साथ नगर भ्रमण किया तथा जहां-जहां गणेश विसर्जन के पॉइंट बनाए गए हैं, वहां पुलिस जवान तैनात किए गए। इसके साथ ही चौराहों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
मंदसौर शहर काजी आसिफ उल्लाह खान ने एक वीडियो जारी मुस्लिम समाज के व्यापारियों से 17 सितंबर को अपना व्यापार व्यवसाय बंद रखने का आव्हान किया। उन्होंने वीडियो में कहा कि कुछ तत्वों ने जलसा और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। इतनी संख्या में होने के बाद भी शांति पूर्ण जलसा निकाला जा रहा था। जो हुआ उसके बाद भी मंदसौर की अमन शांति बनाए रखी। ऐसा ही सब्र बनाए रखे और कानून का साथ देते हुए कानून के दायरे में अपनी लड़ाई लड़ने की कोशिश करें, जिन लोगों ने हमारा नुकसान किया है, उनके खिलाफ हम नामजद एफआईआर दर्ज करवाएंगे।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के जुलूस पर पथराव का आरोप, जेसीबी की मदद से गुमटी को हटाया
मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के चल समारोह के दौरान पथराव का आरोप लगाते हुए रास्ते पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही एसडीएम शिवानी गर्ग और एसडीओपी कीर्ति बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जिस जगह से पत्थर फेंकने का आरोप लगाया गया था, वहां रखी गुमटी को जेसीबी की मदद से हटाया गया। हिंदू संगठन के लोगों ने थाने पर आवेदन भी दिया है, जिसकी जांच के लिए टीम गठित की गई है।
मंदसोर में धार्मिक जुलुस के दौरान उपजे तनाव के बाद माहौल शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि मंगलवार को नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारा में जब गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलुस निकाला जा रहा था, उस दौरान वर्ग विशेष के धार्मिक स्थल के पास बाड़े से पथराव किया गया। घटना के बाद आक्रोशित लोग बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। आरोपियों की गिरफ्तारी और शासकीय भूमि पर रखी वर्ग विशेष के व्यक्ति की गुमटी जहां से पत्थर आने के आरोप हैं, उसे हटाने की मांग की।
सूचना मिलते ही सीतामऊ एसडीएम शिवानी गर्ग और एसडीओपी कीर्ति बघेल पुलिस टीम के साथ कचनारा पहुंची और लोगों से चर्चा की। प्रदर्शन कर रहे जनपद सदस्य लाला पाटीदार व पंकज जाट ने बताया कि हिन्दू समाज की ओर से गणेश विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान एक गुमटी और मदरसा के बाड़े से पथराव हुआ। हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ है। लेकिन एक पक्ष की तरफ से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है।
इसके बाद हिन्दू समाजजनों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोनों जनपद सदस्यों ने बताया कि जिन लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है, उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किए जाए। इसके साथ ही जिस गुमटी और बाड़े से पत्थर फेंके गए हैं, उन्हें हटाया जाए।
एसडीएम शिवानी गर्ग ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की गई है। उनकी जो मांगें हैं, उनके लिए एक टीम बनाई गई है जो जांच करेगी। इसके साथ ही जिस गुमटी से पथराव की बात कही जा रही है, वह शासकीय जमीन पर रखी थी, जिसे हटा दिया गया है। एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि जहां से पथराव की बात कही जा रही है, उस जगह को चेक किया गया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत हुई है। फिलहाल, शांति बनी हुई है।

कमेंट
कमेंट X