नीमच में छेड़छाड़ करने वाले का 'हुलिया' बिगड़ा: आरोपी को पेड़ से बांधकर काटी मूंछें-भौंहे, पहनाई जूतों की माला
नीमच के मांगरोल चक गांव में नशे में युवक ने विधवा से छेड़छाड़ कर डाली। जिसके बाद महिला और उसके बेटे ने पकड़कर ग्रामीणों संग आरोपी को बांधकर पीटा।
विस्तार
मध्य प्रदेश के नीमच जिले से एक बेहद शर्मनाक और खौफनाक मामला सामने आया है। मांगरोल चक गांव में एक विधवा महिला से छेड़छाड़ करना मनचले मदन बंजारा को भारी पड़ गया। पीड़िता और उसके बेटे ने न सिर्फ आरोपी की हिम्मत का जवाब दिया, बल्कि उसे पेड़ से बांधकर ऐसी सजा दी कि गांव में हड़कंप मच गया। अब आरोपी के परिजन पीड़िता को गांव से भगाने की धमकी दे रहे हैं।
नशे में धुत होकर घर में घुसा था मदन
मिली जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 की रात मदन पिता अमर सिंह बंजारा नशे में धुत होकर गांव की एक विधवा महिला के घर में घुस गया। महिला उस वक्त सो रही थी। मदन ने महिला का हाथ पकड़ा और उसे जबरन ले जाने की कोशिश की। महिला की चीख सुनकर बेटा जाग गया। मां-बेटे ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
ग्रामीणों ने सिखाया सबक, पहनाई जूतों की माला
आरोपी के इस दुस्साहस से गुस्साए लोगों ने उसे सबक सिखाने की ठानी। ग्रामीणों ने मदन बंजारा को एक पेड़ से रस्सी से बांध दिया। इसके बाद जो हुआ, वह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के सिर के एक तरफ के बाल काट दिए, मूंछें साफ कर दीं और आंखों के ऊपर की भौंहे (आई-ब्रो) भी काट दीं। अपमानित करने के लिए उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।
पढ़ें: BJP नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव बहाल, कांग्रेस पार्षदों के वोट पर आपत्ति खारिज
अब पीड़ित परिवार को मिल रही धमकियां
छेड़छाड़ की इस घटना के बाद मामला थाने तक पहुंचा और पीड़िता ने मदन बंजारा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लेकिन अब कहानी में नया मोड़ आ गया है। पीड़िता का आरोप है कि मदन बंजारा के परिजन उसे और उसके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी का भाई बहादुर बंजारा, मेमर बंजारा, बहादुर की पत्नी सुगना बंजारा, अमर बंजारा और उसकी पत्नी मिसरा बाई उसे घर से बाहर निकलने पर धमका रहे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उसे गांव छोड़कर भागने का दबाव बना रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।
विदिशा में भी छेड़छाड़ा का मामला
विदिशा जिले के लटेरी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर खुर्द में एक सनसनीखेज और विवादित मामला सामने आया है। यहां कथित प्रेम प्रसंग ने ऐसा मोड़ लिया कि मामला भीड़ की सजा तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने एक युवक को सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए उसका सिर मुंडवाया, गले में जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में जुलूस निकाला।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बबलू भील नामक युवक पर एक नाबालिग बालिका को परेशान करने के आरोप लगे हैं। बालिका की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। बताया जा रहा है कि युवक लगातार बालिका को परेशान कर रहा था, जिससे परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
आरोप सामने आने के बाद ग्रामीणों ने खुद ही युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसका सिर मुंडवाकर गले में जूतों की माला पहनाई गई और गांव में घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X