{"_id":"68d510421722bac6cd06a19a","slug":"sewer-chamber-accident-in-satna-three-workers-buried-during-cleaning-one-dead-two-injured-satna-news-c-1-1-noi1431-3445549-2025-09-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Satna News: चेंबर साफ करने उतरे तीन कर्मचारी फंसे, रेस्क्यू कर निकाला; एक की मौत-दो की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Satna News: चेंबर साफ करने उतरे तीन कर्मचारी फंसे, रेस्क्यू कर निकाला; एक की मौत-दो की हालत गंभीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना
Published by: सतना ब्यूरो
Updated Thu, 25 Sep 2025 04:37 PM IST
विज्ञापन
सार
सतना के कृपालपुर हरिजन बस्ती में सीवर लाइन सफाई के दौरान तीन निगम कर्मचारी फंस गए। दम घुटने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई, दो गंभीर घायल हैं। घटना के बाद प्रशासन ने जांच और मुआवजे का आश्वासन दिया है।
सीवर लाइन में हादसा
विज्ञापन
विस्तार
सतना शहर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ। यहां कृपालपुर हरिजन बस्ती में सीवर लाइन चेंबर की सफाई के दौरान तीन निगम कर्मचारी फंस गए। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन इस बीच 35 वर्षीय सफाईकर्मी अमित कुमार (निवासी उतैली) की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
Trending Videos
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर निगम के तीन सफाई कर्मचारी चेंबर की सफाई के लिए अंदर उतरे थे। कुछ देर बाद जब उनकी आवाज बाहर सुनाई देना बंद हुई, तो बाहर खड़े कर्मचारियों ने उन्हें आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर हड़कंप मच गया और तुरंत अधिकारियों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस और निगम के कर्मचारी पहुंचे रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए तीनों सफाई कर्मियों को बाहर निकाला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- ज्जैन में राशन घोटाला, 132 उपभोक्ताओं के ई-राशन कार्ड निरस्त, जाने क्या है मामला
दम घुटने से गई जान
रेस्क्यू के दौरान बाहर निकाले गए तीनों कर्मचारियों में से अमित कुमार (उम्र 35, उतैली निवासी) की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने जांच में बताया कि सीवर के गंदे पानी और जहरीली गैस के कारण उनका गला और फेफड़े तक भर गए थे, जिससे दम घुटने से मौत हो गई। बाकी दो सफाईकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जिम्मेदारी पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के गड्ढे में उतारा। हर बार की तरह इस बार भी लापरवाही से मजदूरों की जान गई है। निगम के अफसर हादसे के बाद मीडिया से बचते रहे और कोई भी सामने बयान देने नहीं आया।
जिला प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। घायल कर्मचारियों का इलाज पूरी जिम्मेदारी से कराया जा रहा है। जांच में लापरवाही सामने आने पर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सवालों के घेरे में सफाई व्यवस्था
सतना ही नहीं, प्रदेश के कई शहरों में सफाईकर्मियों की मौत का कारण यही लापरवाही बन रही है। सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षण के बिना मजदूरों को सीवर लाइन में उतारना जानलेवा साबित हो रहा है। हर बार हादसे के बाद सिर्फ जांच और मुआवजे का आश्वासन मिलता है, लेकिन हालात जस के तस बने रहते हैं।

सीवर लाइन में हादसा

सीवर लाइन में हादसा

कमेंट
कमेंट X