{"_id":"65aa02c367fcccf1d7071366","slug":"seoni-firing-on-police-party-head-constable-shot-dead-during-encounter-2024-01-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"बेखौफ अपराधी: छिंदवाड़ा के बाद सिवनी में पुलिस पर हमला, हेड कॉन्स्टेबल को गोली मारी, CM ने दिया शहीद का दर्जा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बेखौफ अपराधी: छिंदवाड़ा के बाद सिवनी में पुलिस पर हमला, हेड कॉन्स्टेबल को गोली मारी, CM ने दिया शहीद का दर्जा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिवनी
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Fri, 19 Jan 2024 01:55 PM IST
विज्ञापन
सार
Seoni Police Head Constable Murder Case : सिवनी में देर रात अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग हो गई। फायरिंग में घायल हेड कॉन्स्टेबल ने नागपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्हें शहीद का दर्जा दिया गया है।
सिवनी में घायल पुलिस हेड कॉन्स्टेबल ने नागपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मध्य प्रदेश में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। छिंदवाड़ा में पुलिसकर्मी को बोलेरो से कुचलने के बाद अब बदमाशों ने सिवनी में पुलिस पर फायरिंग कर दी। सिवनी में गुरुवार देर रात अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग हो गई। गोली हेड कॉन्स्टेबल राकेश ठाकुर को लगी। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर रेफर किया गया। नागपुर में इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा और राज्य सरकार द्वारा उनके परिवार को श्रद्धा निधि के रूप में 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
Trending Videos
विज्ञापन
विज्ञापन
डूंडा सिवनी थाना पुलिस गुरुवार रात करीब 10 बजे अलग-अलग अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ कर रही थी। पुलिस टीम छिंदवाड़ा बायपास क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान एक अपराधी ने टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राकेश ठाकुर को लगी। वे गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाला आरोपी और उसका एक साथी भिंड जिले के रहने वाले हैं। दो आरोपी मंडला जिले के नैनपुर के रहने वाले हैं।
साथियों को छुड़ाने के लिए फायरिंग की
एसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की तीन सदस्यीय टीम चार आरोपियों को पकड़ने गई थी। टीम ने तीन आरोपियों जनक सिंह, प्रवीण वैष्णव, गुलशन को पकड़ लिया था। चौथे आरोपी सद्दाम ने साथियों को बचाने के लिए गोली चला दी। इनमें हेड कॉन्स्टेबल राकेश ठाकुर घायल हो गए। गोली चलाने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया है। बाकी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। एसडीओपी पुरुषोत्तम मरावी ने बताया कि गोली हेड कॉन्स्टेबल के हार्ट की तरफ कमर के ऊपर लगी थी। नागपुर में सुबह लगभग पांच बजे उनकी मौत हो गई। नागपुर में पोस्टमॉर्टम के बाद दोपहर में उनका शव सिवनी लाया जाएगा। यहां केवलारी के डोभ ग्राम में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा: सीएम
घटना पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सिवनी जिले के पुलिस के जांबाज प्रधान आरक्षक राकेश ठाकुर के बलिदान को नमन और परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा और राज्य सरकार द्वारा उनके परिवार को श्रद्धा निधि के रूप में 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही स्व. ठाकुर के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। मध्यप्रदेश सरकार शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है। घटना के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार एक अन्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। मध्यप्रदेश की जमीन पर अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
छिंदवाड़ा में पुलिसकर्मी को कुचला था
सिवनी की घटना के कुछ ही घंटों पहले छिंदवाड़ा के परासिया में पेट्रोल पंप पर मारपीट कर भाग रहे आरोपियों को रोकने के प्रयास में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। माहुलझिर थाने में पदस्थ ASI नरेश शर्मा, 52 वर्ष, ने बदमाशों के बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने उनके ऊपर ही गाड़ी चढ़ा दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर शोक जताया है।

कमेंट
कमेंट X