Shajapur News: काम में लापरवाह दो पटवारी का रुकेगा पांच दिन का वेतन, कलेक्टर ने दिये निर्देश
Shajapur: कलेक्टर ऋजु बाफना ने ग्राम चाकरोद एवं घटटी मुख्तियारपुर में नक्शा तरमीम के कार्य में प्रगति कम होने पर पटवारियों के पांच-पांच दिन का वेतन रोकने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर को दिए हैं।
विस्तार
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व महा अभियान 2.0 के अंतर्गत सभी पटवारी सुनिश्चित करें कि राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण कर ग्रामों में नक्शा तरमीम के कार्य में प्रगति लाए तथा राजस्व विवाद, नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन शून्य बनाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर बाफना ने गत दिवस राजस्व महा अभियान के अंतर्गत शुजालपुर तहसील के ग्राम चाकरोद व कालापीपल के ग्राम घट्टी मुख्तियारपुर, खोकराकलां एवं खरदोनकला में किये जा रहे क्रियान्वयन के निरीक्षण के दौरान दिये।
उन्होंने ग्राम चाकरोद में पीएम शासकीय हाईस्कूल चाकरोद में आईसीटी लैब का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अच्छे तरीके से पढ़ाई करें एवं प्रदेश स्तर पर मेरिट सूची में आएं। कलेक्टर ने बीईओ को निर्देश दिये कि जिला शिक्षा कार्यालय से पाठ्यक्रम संबंधी वीडियो उपलब्ध करवाएं एवं उनके माध्यम से बच्चों को पढ़ाई कराएं।
बच्चों से पढ़वाई कविता कहानी
कलेक्टर बाफना ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय चाकरोद में कक्षा तीसरी एवं चौथी के बच्चों से कविता, कहानी पढ़वाई गई। साथ ही उनसे जोड़ एवं घटाने के सवाल पूछे। बच्चों द्वारा ब्लैक बोर्ड पर पूछे गये सवालों को हल किया गया, सही जवाब देने वाले बच्चों की कलेक्टर एवं उपस्थित अधिकारियों ने ताली बजाकर प्रशंसा की। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने के लिए कहें एवं उनके माता-पिता को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई को और बेहतर करने के साथ ही सही रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए।

कमेंट
कमेंट X