एमपी: करवाचौथ पर पत्नी ने नहीं रखा व्रत, पति पहुंचा थाने; बोला- मेरी जान लेना चाहती है; आवेदन में और क्या लिखा
शिवपुरी के बदरवास में पत्नी द्वारा करवाचौथ का व्रत नहीं रखने पर पति बारेलाल आदिवासी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पत्नी पर बेवफाई और जान लेने की आशंका जताने वाला आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
विस्तार
करवाचौथ के पर्व पर जहां देशभर में पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, वहीं शिवपुरी जिले के बदरवास से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पत्नी द्वारा करवाचौथ का व्रत नहीं रखने पर थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पति का शिकायती आवेदन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यह मामला शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम बिजरावन का है। शिकायतकर्ता ने अपना नाम बारेलाल आदिवासी पुत्र लालू आदिवासी, उम्र 30 वर्ष, निवासी बिजरावन बताया है। उसने थाने में दिए लिखित आवेदन में अपनी पत्नी मिथलेश आदिवासी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आवेदन में बारेलाल ने लिखा है, "श्रीमान, मेरी औरत का नाम मिथलेश आदिवासी है, जो मुझसे बेवफाई कर रही है और मेरे लिए करवाचौथ का व्रत नहीं रख रही है। वह मुझे मारना चाहती है। न ही मेरे लिए चांद की पूजा कर रही है। मैंने उससे कहा कि तू चांद देख ले, जिससे मेरी उम्र बढ़ जाए, मगर वह मुझे मारना चाह रही है। अगर इस बार इसने मेरी पूजा नहीं की तो मैं इसे तलाक दे दूंगा। सो आवेदन पेश कर रहा हूं, कार्रवाई की जावे।"
पढ़ें: देवास शराब कांड से कांग्रेस प्रवक्ता के बेटे का सीधा नाता, विश्वास सारंग ने लगाए गंभीर आरोप; क्या कहा?
पति की शिकायत सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस ने बारेलाल को समझाने का प्रयास किया कि यह पारिवारिक और धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है, इसमें पुलिस कार्रवाई नहीं हो सकती। हालांकि, बारेलाल अपनी बात पर अड़ा रहा। उसका आरोप था कि पत्नी ने करवाचौथ का व्रत नहीं रखकर उसकी जान को खतरे में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने पति का आवेदन तो ले लिया, लेकिन इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को समझाकर घर भेजने और उनकी काउंसलिंग करने की बात कही है।
इस पूरे आवेदन की फोटो किसी ने सोशल मीडिया पर साझा कर दी, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गई। इंटरनेट मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे पति का पत्नी के प्रति अटूट प्रेम बता रहा है, तो कोई उसकी मासूमियत पर चुटकी ले रहा है। कई लोग इसे करवाचौथ के पर्व पर सामने आई सबसे मजेदार शिकायत बता रहे हैं।
