नए साल में ग्रह-नक्षत्रों की चाल का 12 राशियों पर कैसा पड़ेगा असर? किस राशि की चमकेगी किस्मत और किस राशि के घर में खुशियां देंगी दस्तक? धन-संपत्ति, परिवार, कारोबार आदि को लेकर आपके लिए कैसा रहेगा नया साल 2019, बता रहे हैं जाने-माने ज्योतिषविद् अजय भांबी। अपनी राशि का भविष्यफल जानने के लिए आगे की स्लाइड क्लिक करें —
2019 Horoscope : 12 राशियों के लिए धन-संपत्ति, परिवार और कारोबार को लेकर कैसा रहेगा नया साल 2019
Aries Horoscope 2019
राशिकाल: 14 अप्रैल से 14 मई
राशि चिन्ह: मेढ़ा
राशि तत्व: अग्नि
राशि स्वामी: मंगल
मेष राशिफल 2019
जनवरी से मार्च के मध्य राहू की स्थिति आपकी राशि से चतुर्थ और बृहस्पति की स्थिति अष्टम् भाव में सहयोगी नहीं है। मंगल भी कुछ हद तक नेगेटिव है। इन तीन महीनों - जनवरी, फरवरी और मार्च के दौरान नौकरी, व्यवसाय संबंधी कार्यकलापों में मन परेशान रहेगा। परिवार में कुछ भावनात्मक मसले भी मानसिक संतुलन को डिस्टर्ब कर सकते हैं। धन संबंधी मामलों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पूंजी निवेश संबंधी निर्णय बहुत ही सावधानी के साथ लेने चाहिए वरना हानि भी हो सकती है।
अप्रैल का महीना विशेष तौर से अच्छा रहेगा। राहू 23 मार्च को मिथुन राशि यानि आपकी राशि से तृतीय स्थान में और बृहस्पति 29 मार्च को धनु में प्रवेश कर चुका है। भाग्य के सहयोग से कठिन कार्य संपन्न होंगे। महत्वपूर्ण व्यक्तियों से न केवल संबंध बनेंगे बल्कि उनसे लाभ भी होगा। कार्यवश यात्रा की स्थितियां बनेंगी और इन यात्राओं से व्यापक लाभ भी होगा।
मई से अक्टूबर के मध्य बृहस्पति पुनः वक्रगति में चलते हुए अष्टम् भाव यानि वृश्चिक राशि में रहेगा। बाकी अधिकतर ग्रह सूर्य, शनि, मंगल, शुक्र और बुध कमोबेशी अच्छे फल देंगे। बृहस्पति के राशि से अष्टम् भाव में संक्रमण के कारण भाग्य का सहयोग उतना प्राप्त नहीं होगा जितने प्रयास करेंगे। इसका संतुलन बैठाने का एक ही तरीका है कि अपने प्रयत्नों को डबल कर दिया जाये। वर्तमान नौकरी, व्यवसाय में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। विरोध के बावजूद भी आप तरक्की करेंगे।
मई, जून, अगस्त और सितम्बर के महीने विशेष रूप से अच्छे रहेंगे। अगर इस दौरान किसी नये काम का शुभारम्भ करना चाह रहे हैं या वर्तमान कार्य में बढ़ोतरी करने के इच्छुक हैं तो आपको निसंदेह सफलता प्राप्त होगी। जो लोग परीक्षा, प्रतियोगिता आदि में सम्मिलित हो रहे हैं उन्हें सफलता प्राप्त होगी। अगर आपका रूझान लेखन, साहित्य, कला, संगीत, फैशन, सिनेमा या खेल जगत में है तो अपनी प्रतिभा के बल पर अपना स्टेटस बढ़ाने में सफल रहेंगे। आर्थिक दृष्टि से यह समय बहुत अच्छा रहेगा। अगर विदेश में नौकरी, व्यवसाय, पढ़ाई इत्यादि के लिए जाने के इच्छुक हैं तो इन महीनों में अपने प्रयासों में तेजी लायें, आपको सफलता प्राप्त होगी।
नवम्बर और दिसम्बर के महीने विशेष रूप से लाभदायक सिद्ध होंगे। पूरे साल भर आपकी राशि से अष्टम् भाव में हिचकोले खाता हुआ बृहस्पति अंतोतगत्वा 5 नवम्बर को आपकी राशि से नवम् भाव में विचरण करने लगेगा। जहां उसकी मुलाकात दो महत्वपूर्ण ग्रहों शनि और केतु से होगी। इस मिश्रित परिवर्तन के फलस्वरूप आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे। इसका महत्वपूर्ण कारण यह है कि बृहस्पति धनु राशि का स्वामी है और शनि और केतु उसकी गिरफ्त में हैं। साधारण भाषा में इसे यूं भी समझा जा सकता है कि दो क्रूर ग्रह एक अत्यन्त शुभ ग्रह बृहस्पति के साथ और उसकी राशि में होने के कारण पूरी तरह से सुर में रहेंगे। इन महीनों में जहां एक और आपके रूके हुए, फंसे हुए, अटके हुए या अटकाये हुए कार्य आसानी से बनने लगेंगे वहीं आप उन चुनौतियों को भी हाथ में ले सकते हैं जिनको लेकर पहले मन में कई प्रकार की आशंकाएं थी। अगर नौकरी, व्यवसाय की तलाश में हैं या कोई स्टार्टअप करने की योजना है तो बेझिझक आगे बढ़ें आपको सफलता मिलेगी। मित्र-शुभचिंतकों का सहयोग बना रहेगा। बैंक या वित संस्थान और राज्य से भी लाभ हो सकता है।
परिवारः
पारिवारिक दृष्टि से यूं तो यह वर्ष बहुत अच्छा है लेकिन जनवरी, फरवरी और जुलाई के महीनों में कुछ आपसी विरोध का सामना करना पड़ सकता है। धैर्य और संयम को बनाये रखना आपके लिए ज्यादा ठीक रहेगा। अप्रैल और नवम्बर-दिसम्बर के महीनों में कोई मांगलिक कार्य जैसे - विवाह, शिशु जन्म आदि को योग भी बना हुआ है।
धन संपत्तिः
आर्थिक दृष्टि के लिए कुल मिलाकर यह वर्ष बहुत अच्छा है। अन्यत्र संकेत दिये गये हैं, उन दिनों में निवेश नहीं करना चाहिए। मार्च के बाद भूमि, मकान, फ्लैट या दुकान लेने का योग चल रहा है। अगर कोई मामला पारिवारिक संपत्ति को लेकर कोर्ट में चल रहा है तो उसे आपसी सहमति से सुलझाना ज्यादा बुद्धिमानी होगी।
कार्यक्षेत्रः
कुल मिलाकर यह वर्ष कार्यक्षेत्र की दृष्टि से खराब नहीं है, लेकिन बीच-बीच में ऐसा समय आयेगा जहां आप अपने को अलग-थलग पाएंगे। हमारा मानना है कि चुनौतियां अवसर प्रदान करती हैं। अगर इस सूत्र को गांठ बांध लेंगे तो नेगेटिव समय भी ना केवल आसानी से व्यतीत होगा, बल्कि उसमें कुछ नया विचार भी पनपेगा जो बाद में बहुत काम आयेगा।
सेहतः
यह वर्ष उन लोगों के लिए कठिन है जो बुजुर्ग होने के अलावा किसी क्रोनिक बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें विशेष रूप से अनुशासन में रहने की आवश्यककता है। सामान्य जन के लिए स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा दिक्कत नहीं रहेगी। अगर आप मूलतः स्वस्थ हैं तो परिजनों का स्वास्थ्य बीच-बीच में चिन्ता का विषय बन सकता है। घबराने से समस्याएं समाप्त नहीं होती बल्कि अंडरस्टेंडिंग से होती हैं।
ज्योतिषीय उपायः
पुखराज, मूंगा और मोती धारण किया जा सकता है। पुखराज भाग्यवर्धक सिद्ध होगा। मंगा धैर्य और संयम में वृद्धि करेगा और मोती मानसिक और पारिवारिक शांति बनाये रखने में सहायता प्रदान करेगा। अपने इष्ट देव के मंत्र और योग-ध्यान करना सदैव न केवल सहायक होता है, बल्कि आपके इम्यून सिस्टम को भी मजबूत करता है।
ये करेंः
लेखन, साहित्य, कला, संगीत, सिनेमा आदि में प्रवेश कर रहे हैं तो अपने प्रयत्नों में तीव्रता लायें।
ये न करेंः
निवेश संबंधी योजनाओं में उन महीनों में प्रवेश नहीं करना चाहिए, जिस समय के बारे मे अन्यत्र लिखा हुआ है।
Taurus Horoscope 2019
राशिकाल: 15 मई से 15 जून
राशि चिन्ह: वृषभ (बैल)
राशि तत्व: पृथ्वी
राशि स्वामी: शुक्र
वृष राशिफल 2019
जनवरी से मार्च के मध्य में बृहस्पति आपकी राशि सप्तम स्थान में रहेगा और राहू 23 मार्च तक तृतीय भाव में विचरण करेगा। यह समय हर तरह से बेहतरीन सिद्ध होगा। वर्तमान नौकरी, व्यवसाय में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे। यदि किसी नये काम का शुभारम्भ करना चाह रहे हैं तो उसके लिए भी समय काफी उपयुक्त रहेगा। यदि विवाह के योग्य हैं तो विवाह का योग भी बना हुआ है। आपके संपर्क के दायरे का विस्तार होगा और जिन लोगों से जान-पहचान होगी उनसे आपको पर्याप्त लाभ भी प्राप्त होता रहेगा। कार्य से संबंधित यात्राओं का सिलसिला बना रहेगा और इन यात्राओं से भविष्य के लिए सुखद स्थितियां निर्मित होंगी।
अप्रैल का महीना मिले-जुले फल प्रदान करेगा। 29 मार्च को बृहस्पति धनु में प्रवेश कर चुका है और बहुत अल्प समय तक ही इस राशि में रहकर 23 अप्रैल को पुनः वृश्चिक राशि में आ जायेगा। जोखिम उठाने की दृष्टि से यह महीना उचित नहीं है। धन संबंधी मामलों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। वाणी पर भी संयम बतरने की आवश्यकता है।
मई से लेकर अक्टूबर तक का समय कुल मिलाकर तो बहुत अच्छा रहेगा हालांकि बीच - बीच में थोड़ी उलझने भी पेश आएंगी। इस पूरी अवधि में बृहस्पति तो वृश्चिक में ही रहने वाला है। शनि और केतु अष्टम् भाव में ही रहेंगे। जहां एक और बृहत योजनाओं में प्रवेश करने का योग बनेगा वहीं दूसरी तरफ थोड़ा आगे चलकर कार्यों में मुश्किलें भी पेश आने लगेंगी। कभी धन को लेकर संकट हो सकता है और जिन लोगों के साथ डील कर रहे हैं वो भी समस्या पैदा कर सकते हैं। वर्तमान रोजी-रोजगार में कुछ ज्यादा असुविधा पेश नहीं आएंगी। मित्र - शुभचिन्तकों का सहयोग बना रहेगा। जो लोग परीक्षा, प्रतियोगिता या किसी अन्य कंपटीशन में हिस्सा ले रहें हैं, उन्हें विशेष प्रयत्न करने से ही सफलता मिलेगी। अगस्त और सितंबर के महीने थोड़े कमजोर हैं। पारिवारिक स्तर पर भी तनाव झेलना पड़ सकता है। रोजी-रोजगार को लेकर भी कुछ उलझनें पेश आ सकती हैं। स्वयं का व्यवहार या परिवार में किसी का स्वास्थ्य दोनों ही तकलीफदेह हो सकते हैं।
नवंबर - दिसंबर के महीनों में भी स्थितियां संभवतः आपके पक्ष में नहीं रहेंगी। 5 नवम्बर को बृहस्पति भी शनि, केतु की युति के साथ अष्टम् भाव में सम्मिलित हो जायेगा। यह समय थोड़ा पीड़ादायक हो सकता है। विरोधियों के षडयंत्र के प्रति इस दौरान खासतौर से सतर्क रहें। पैतृक संपत्ति को लेकर यदि कोई मामला न्यायालय में चल रहा है और उसका फैसला आने को है तो हो सकता है यह फैसला आपके पक्ष में ना रहे। यदि समय रहते आपसी सहमति से मसले को सुलझाने का प्रयास करेंगे तब आपको सफलता मिल भी सकती है। बाकी ग्रह अच्छे हैं जिसके फलस्वरूप आपका मनोबल ऊंचा रहेगा और विपरीत स्थितियों में भी आप साहस का परिचय देंगे। कंफ्यूजन की स्थिति में खास मित्र-शुभचिंतकों से विचार-विमर्श करना आपके लिए लाभदायक रहेगा। यात्राओं का माहौल तो इस दौरान बनेगा लेकिन वही यात्राएं करना चाहिए जो हर तरीके से लाभ प्रदान कर सकती हैं। जो लोग रचनात्मक कार्यों से जुड़े हैं या खेल जगत में अपना भविष्य बनाने की इच्छा रखते हैं, तो उनके लिए यह समय काफी अच्छा है। लेकिन उच्च स्तर की सफलता प्राप्त करने के लिए प्रयास भी उच्च स्तर के होने चाहिए।
परिवारः
परिवार की दृष्टि से यह वर्ष काफी अच्छा है। पारिवारिक वातावरण खुशहाली लिए रहेगा एवं परिवार में आत्मीयता का माहौल भी देखने को मिलेगा। जनवरी से मार्च और मई से जुलाई के मध्य परिवार में कोई शुभ कार्य भी हो सकता है। बच्चों का प्रदर्शन भी काफी सराहनीय रहेगा। अगर कोई बच्चा कंपटीशन या उच्च शिक्षा के लिए प्रयत्नशील हैं तो उसे अच्छी सफलता प्राप्त हो सकती है और आप भी उसका मार्गदर्शन सही तरीके से करें।
धन-सम्पत्तिः
इस वर्ष बृहस्पति अधिकतर आपकी राशि से सप्तम् भाव में ही विचरण करेगा और बाकी ग्रह भी कुल मिलाकर अच्छे हैं। यदि नया मकान, फ्लैट या प्रॉपर्टी लेना चाह रहे हैं तो उसमें आपको सफलता प्राप्त होगी। इस वर्ष आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। वाहन खरीदने का योग भी चल रहा है। घर या ऑफिस के रेनोवेशन का प्लान भी बना सकते हैं।
कार्यक्षेत्रः
आप अपनी कार्य प्रणाली में वो बदलाव इस वर्ष ला पायेंगे जो पिछले काफी समय से आपके मन में हैं। कार्य स्थल, ऑफिस, दुकान आदि में आप नई योजनाओं पर काम करेंगे और उसमें आपको अच्छी सफलता भी प्राप्त होगी जिसके कारण लोग आपकी प्रशंसा भी करेंगे। हालांकि जो माह उपयुक्त नहीं है (अन्यत्र देंखे) उन दिनों में अपने सहयोगियों या अधिकारियों के साथ तनाव की स्थिति भी बन सकती है। इसे आप अपनी युक्ति से हल भी कर सकते हैं।
सेहतः
सेहत की दृष्टि से कुल मिलाकर यह वर्ष बहुत अच्छा है फिर भी हर व्यक्ति को अपने खान-पान, व्यायाम, नियम और अनुशासन का पालन अवश्य करना चाहिए। अनजाने मे हम कई बार समस्याएं मोल ले लेते हैं, जिनमें से बाद में निकलना आसान नहीं होता। अप्रैल, जुलाई और नवंबर माह सेहत की दृष्टि से नरम हैं।
ज्योतिषीय उपायः
आपकी राशि के अनुसार आप नीलम, पन्ना और हीरा पहन सकते हैं। अगर स्वास्थ्य में कोई परेशानी है तो ओपल भी धारण किया जा सकता है। कार्यक्षेत्र में सफलता के लिए पांच मुखी रूद्राक्ष धारण करने से सभी समस्याओं के समाधान आसानी से प्राप्त होंगे।
क्या करेः
योग, ध्यान और धैर्य को अपना सारथी बनाने से कुछ समस्याएं स्वयं ही हल हो जाती हैं। अतः इस नियम का पालन करें।
क्या न करेंः
इस वर्ष ग्रह स्थिति बहुत अच्छी नहीं है, इसलिए कोई बड़ा कदम बहुत ही सोच-विचार और किसी विशेषज्ञ के साथ सलाह-मशविरा करने के बाद ही उठायें।
Gemini Horoscope 2019
राशिकाल: 16 जून से 15 जुलाई
राशि चिन्ह: स्त्री-पुरूष का मिलन (संभोग)
राशि तत्व: वायु
राशि स्वामी: बुध
मिथुन राशिफल 2019
जनवरी से लेकर मार्च के मध्य आपकी राशि से प्रमुख ग्रहों की स्थिति बहुत सराहनीय नहीं है। राहू - द्वितीय स्थान में, शनि - सप्तम् स्थान में और बृहस्पति छठे स्थान में विचरण करेंगे। धन संबंधी मामलों को लेकर उलझनें पैदा हो सकती हैं। इंवेस्टमेंट संबंधी प्लानिंग पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। दिये हुए धन के मिलने में भी असुविधा हो सकती है इसलिए धन संबंधी मामलों में सतर्कता बरतें। यदि बैंक, वित्त संस्थान, सरकार आदि से ऋण लेने के इच्छुक हैं तो अपने कागज आदि की पूरी तैयारी के साथ जाइयेगा। परिवार में और खासतौर से जीवन साथी के साथ किसी ऐसे मसले को लेकर मतभेद ऊभर सकते हैं जो बाद में दोनों को अनावश्यक मालूम पड़ेंगे। प्रेम संबंधों में भी अड़चनें आएंगी।
अप्रैल का महीना आपके लिए विशेषरूप से बेहतरीन सिद्ध होगा। बृहस्पति 29 मार्च को धनु में प्रवेश कर जायेगा हालांकि ज्यादा दिन इस राशि में रहेगा नहीं फिर भी यह महीना अच्छा व्यतीत होगा। किसी ऐसे महत्वपूर्ण कार्य के बनने की संभावना है, जिसकी आपने लगभग उम्मीद ही छोड़ दी हो। यदि परीक्षा, प्रतियोगिता में सम्मिलित हो रहे हैं तो उसका परिणाम सुखद रहेगा। जो लोग नौकरी, व्यवसाय के लिए इंटरव्यू आदि में हिस्सा ले रहे हैं तो उनके लिए भी सफलता का मार्ग प्रशस्त होगा। पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी।
मई से अक्टूबर तक का समय मिले-जुले परिणाम देने वाला सिद्ध होगा। राहू आपकी राशि पर ही चल रहा है और शनि, केतु की स्थिति सप्तम् भाव में बनी हुई है। ऐसी स्थिति में लम्बी योजनाओं का प्लान नहीं बनाया जा सकता। लेकिन साथ ही शाॅर्ट टर्म योजनाओं से लाभ भी अर्जित किया जा सकता है। जून से अगस्त के महीने जहां पर सूर्य और मंगल की उपस्थिति अच्छी रहेगी। यह समय आपके लिए लाभदायक सिद्ध होगा। इस दौरान अपनी सूझबूझ से लिए गये निर्णय दूरगामी परिणाम देने वाले सिद्ध होंगे। जो लोग लेखन, साहित्य, संगीत, कला, सिनेमा या खेल जगत आदि से जुड़े हुए हैं, उन्हें आगे बढ़ने के सुवसर भी प्राप्त होंगे। इस समय में रूके हुए धन के मिलने की भी संभावना है। इस दौरान पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा और कोई नया प्रेम प्रसंग भी प्रारम्भ हो सकता है।
नवम्बर - दिसम्बर के महीने हर तरीके से उत्तम सिद्ध होंगे। बृहस्पति 5 नवम्बर को धनु राशि में प्रवेश करके न केवल शनि और केतु के साथ योग बनाएगा बल्कि राहू को भी अपने नियंत्रण में कर लेगा। रूके हुए कार्यों के बनने का एक ऐसा सिलसिला शुरू होगा और सिलसिलेवार कार्य बनने शुरू होंगे। धन संबंधी योजनाएं जो किन्हीं कारणों से खटाई में चली गई थी उनके आगे बढ़ने का माहौल भी बनेगा। अगर रोजी-रोजगार की तलाश में हैं तो इस दिशा में आपको सफलता प्राप्त होगी। पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा एवं सद्भाव का वातावरण भी देखने को मिलेगा। परिजनों के साथ किसी रमणीक या धार्मिक स्थल की यात्रा भी हो सकती है। यदि विदेश जाने के इच्छुक हैं या किसी नये कार्य या साझेदारी में प्रवेश करना चाह रहे हैं तो इसमें आपको सफलता मिलेगी। विरोधी चाहकर भी आपको हानि नहीं पहुंचा पायेंगे और आपका मन भी प्रसन्न रहेगा। किसी नये प्रेम प्रसंग के प्रारम्भ होने की पूर्ण संभावना है और यदि पूर्व में प्रेममय हैं तो वैवाहिक बंधन में भी बंध सकते हैं।
परिवारः
इस वर्ष ग्रह स्थिति थोड़ी सी कमजोर है इस कारण अगर कोई परिजन क्रोनिक रोग से पीड़ित है या शिशु है तो उनका विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। इस दृष्टि से फरवरी और मई के महीने प्रतिकूल हैं। हालांकि परिजनों का आचार-व्यवहार आपके उत्साह को कम नहीं होने देगा।
धन सम्पत्तिः
आर्थिक दृष्टि से यह वर्ष बहुत कमजोर है। अधिकतर ग्रह बृहस्पति, राहू और शनि प्रतिकूल हैं। जिसके कारण संपत्ति अर्जित करने में समस्याएं पेश आएंगी लेकिन इसी वर्ष पैतृक संपत्ति के मिलने का योग भी बना हुआ है। हालांकि बीच-बीच में जून से अगस्त और नवम्बर-दिसम्बर के महीने विशेष रूप से अच्छे हैं। इस अवधि में आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी लेकिन व्यय पर नियंत्रण रखने की भी आवश्यकता है।
कार्यक्षेत्रः
कार्यक्षेत्र की दृष्टि से इस वर्ष काफी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। लापरवाही से किया गया कार्य और निर्णय आपके खिलाफ जा सकते हैं। हालांकि सारा वर्ष खराब नहीं है। अन्यत्र अच्छे समय का जिक्र भी किया गया है उस समय का लाभ भी उठाया जा सकता है। कई बार हम लोग अनचाहे अपने सीनियर या कलीग से अनर्गल बातें वायदे कर देते हैं इस बात का अवश्य ध्यान रखें, वरना ये सारे कृत्य आपके खिलाफ इस्तेमाल हो सकते हैं।
सेहतः
अगर आप अपनी सेहत के प्रति पहले से ही सजग हैं तो उसमें लाभ होगा और जो लोग सेहत को आफत पड़ने पर ही हल करने की चेष्टा में रहते हैं, उन्हें विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। हमने अपने भविष्यफल में कुछ ऐसे माहों के बारे में बताया गया है जो प्रतिकूल हैं, अतः आप उन माहों में विशेष ध्यान रखें। अंत में सावधानी से बड़ा कोई उपाय नहीं होता।
ज्योतिषीय उपायः
आपकी राशि के अनुसार आप 11 मुखी और 14 मुखी रूद्राक्ष पहन सकते हैं। रूद्राक्ष महादेव का प्रसाद है और हर स्थिति में सहायक सिद्ध होता है। पन्ना, जिरकाॅन और हीरा धारण करना आपके लिए विशेषरूप से लाभदायक रहेगा।
क्या करेंः
गांव की एक कहावत हैः
पुरूष बली नहीं होत है, समय होत बलवान।
भीलन लूटी गोपिका, वही अर्जुन, वही बाण।
हमने वो महीने लिखे हुए हैं जो असहयोगी हैं उनमें अपना विशेष ध्यान रखें।
क्या न करेंः
जो व्यक्ति समय को साधकर चलता है उसे समय साध लेता है। और जो समय पर चूक जाता है फिर समय उसे ठेंगा ही दिखाता रहता है।
Cancer Horoscope 2019
राशिकाल: 16 जुलाई से 15 अगस्त
राशि चिन्ह: केकड़ा
राशि तत्व: जल
राशि स्वामी: चन्द्रमा
कर्क राशिफल 2019
जनवरी से मार्च के मध्य का समय हर तरीके से उत्तम है। इसका एक महत्वपूर्ण कारण यह भी है कि अतिचारी बृहस्पति आपकी राशि से पंचम स्थान में संक्रमण कर रहा है। 29 मार्च तक यह तीव्र गति से इसी राशि में रहेगा। बाकी ग्रह भी अच्छे हैं, जिसके फलस्वरूप आप बहुत सारी योजनाओं पर एक साथ काम करने का मन बनायेंगे। जो लोग पहले से ही क्रिएटिव कार्यों से जुड़े हुए हैं, उन्हें अपनी प्रतिभा का समुचित फल भी प्राप्त होगा। अगर आपका रूझान लेखन, साहित्य, कला, संगीत, सिनेमा, फैशन, स्पोर्टस आदि में है तो आपको बहुत अच्छे फल प्राप्त होंगे। वर्तमान नौकरी, व्यवसाय में अच्छी तरक्की के आसार बन रहे हैं। जो लोग परीक्षा, प्रतियोगिता या किसी कंपटीटिव एक्टिविटी में हिस्सा लेने के इच्छुक हैं तो उन्हें भी अच्छी सफलता प्राप्त हो सकती है। अगर कोई प्रेम प्रसंग चल रहा है तो उसे अमलीजामा पहनाया जा सकता है। कुछ लोगों के लिए कोई नया प्रेम भी प्रारम्भ हो सकता है।
अप्रैल का महीना थोड़ा नरम है और उसका मूल कारण यह है कि बृहस्पति 29 मार्च को आपकी राशि से छठे भाव में प्रवेश कर गया है। हालांकि यह यहां पर ज्यादा समय नहीं रहेगा, लेकिन सावधानी की आवश्यकता है। नई योजना में तब तक प्रवेश नहीं करना चाहिए जब तक आप पूरी तरह से उसके बारे में आश्वस्त न हों। पूंजी निवेश संबंधी प्लान भी हाल फिलहाल स्थगित रखना ही ठीक रहेगा।
मई से अक्टूबर तक का समय आपके लिए काफी ठीक है। बृहस्पति 23 अप्रैल को पुनः आपके पंचम भाव में आ चुका है और यहीं रहने वाला भी है। किसी महत्वाकांक्षी योजना में प्रवेश हो सकता है। यदि विदेश में नौकरी, व्यवसाय या एजूकेशन के लिए जाने का मन बना रहे हैं तो अपने प्रयासों में कमीं न आने दें, आपको सफलता प्राप्त होगी। पारिवारिक वातावरण उत्साहवर्धक रहेगा एवं परिवार में कोई मंगल कार्य भी सम्पन्न हो सकता है। भाग्य का भी भरपूर सहयोग बना रहेगा। किसी नये प्रेम प्रसंग के प्रारम्भ होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान यदि कोई मामला कोर्ट-कचहरी में चल रहा है और उसका फैसला इस समय आता है तो उसका फैसला आपके पक्ष में रहेगा।
नवम्बर - दिसम्बर के महीने थोड़े कमजोर हैं। बृहस्पति 5 नवम्बर को छठे भाव में प्रवेश कर जायेगा। राहू भी द्वादश भाव में है। इस दौरान पूंजी निवेश संबंधी योजनाओं पर आंख मूंदकर फैसला लेने से हानि हो सकती है। इस बात का भी विशेष ध्यान रखें। नौकरी, व्यवसाय आदि के क्षेत्र में भी स्थितियां थोड़ी सी नाजुक हो सकती हैं। कार्य स्थल पर अधिकारी या सहयोगियों के साथ मतभेद ऊभर सकते हैं। यदि स्थिति को समय रहते नियंत्रण में नहीं किया गया तो इससे हानि का अंदेशा भी है। स्वास्थ्य की दृष्टि से भी समय थोड़ा सा कमजोर है। स्वयं या किसी परिजन का स्वास्थ्य चिंता का विषय हो सकता है। इसी दौरान कार्यवश कुछ यात्राएं भी करना पड़ेंगी और ये यात्राएं आपके लिए काफी सहायक सिद्ध होंगी। इस अवधि में तमाम विसंगतियों के बावजूद मित्र-शुभचिन्तकों का भरपूर सहयोग मिलता रहेगा।
परिवारः
परिवार की दृष्टि से यह वर्ष बहुत अच्छा है। परिजनों में आपसी सदभाव देखने को मिलेगा। परिवार में उत्सव सम्पन्न होने का योग भी बन रहा है। अप्रैल, नवम्बर और दिसम्बर के महीनों में परिवार में थोड़ी सी व्यस्तता देखने को मिलेगी। इसका कारण लोगों का आपसी व्यवहार भी हो सकता है या किसी का स्वास्थ्य अचानक चिंता का विषय हो सकता है।
धन सम्पत्तिः
धन सम्पत्ति की दृष्टि से वर्ष बहुत बढ़िया है। आय में वृद्धि और आय का कोई अतिरिक्त स्रोत भी प्राप्त हो सकता है। लम्बे समय से पाली हुई इच्छा कि घर बड़ा होना चाहिए या पसंदीदा लोकेलिटी में होना चाहिए उसके पूर्ण होने की संभावना बलवती हो रही है। अन्यत्र इसी राशिफल में कुछ महीनों का जिक्र किया गया है जो बहुत अच्छे नहीं है उनका अवश्य ध्यान रख लें।
कार्यक्षेत्रः
कार्यक्षेत्र में आपका दबदबा बढ़ेगा। आपकी मैनेजिरियल स्किल या योजनाओं को अमल में लाने की क्षमता का लोग लोहा भी मानेंगे। कुल मिलाकर वरिष्ठ और सहयोगियों के साथ आपका व्यवहार बहुत बढ़िया रहेगा लेकिन अन्यत्र दो-तीन महीनों का जिक्र किया है, उनका अवश्य ध्यान रखें। साथ ही आपको कोई नयी जिम्मेदारी या पदभार भी प्राप्त हो सकता है।
सेहतः
कुल मिलाकर सारे वर्ष ही आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। फिर भी स्वास्थ्य के बारे में हमारा मानना है कि अच्छा स्वास्थ्य अर्जित करना पड़ता है। मात्र अपने जीन्स या डी.एन.ए. पर भरोसा करके आप नहीं चल सकते। अगर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहेंगे। योग, ध्यान, जिम, एक्सर्साइज या जो भी स्पोर्ट्स आपको पसंद हो उसमें संलग्न रहने से ना केवल स्वास्थ्य अच्छा रहता है, बल्कि मन भी उत्साह से भरा रहता है।
ज्योतिषीय उपायः
आपकी राशि का स्वामी चन्द्र है, जो बहुत ही संवेदनशील ग्रह है। अपनी भावनाओं के साथ जब भी नकारात्मक हो, जायेंगे तभी मुश्किल होगी। मोती, पुखराज और मूंगा आप पहन सकते हैं। अगर एक 14 मुखी रूद्राक्ष धारण कर सकें तो उत्तम रहेगा।
क्या करेंः
अच्छे समय का लाभ उठाना चाहिए। जब अपनी बन पड़े या आ जाये तो वहां चूकने से बड़ा कोई हादसा नहीं होता।
क्या न करेंः
आलस्य मानव का शत्रु और इसे अपने निकट न आने दें।