हाल ही में लांच हुई जावा बाइक्स का क्रेज लोगों के बीच जबरदस्त रहा। कभी 70-80 के दशक में बाइकर्स की पंसदीदा रही जावा ने अपने तीन मॉडल बाजार में उतारे हैं। वहीं जावा की रेट्रोफिंटिंग अपील के कद्रदानों ने इसकी बुकिंग में भी कोई कमी नहीं छोड़ी।
क्रिसमस की रात से बंद हो गई जावा मोटरसाइकिल की ऑनलाइन बुकिंग
जावा को लेकर ग्राहकों ने जो क्रेज दिखाया है आइए आपको बताते हैं इसके पीछे की वजह :
छोटा इंजन, जबरदस्त पॉवर
जावा में 292सीसी का लिक्विड कूल ट्विन स्पार्क इंजन लगा हुआ है। इस इंजिन को महिन्द्रा की मदद से डेवलप किया गया है। यह इंजन 27 बीएचपी की पॉवर के साथ 28 एनएम का जबरस्त टॉर्क देता है।
लेटेस्ट बीएस-6 इंजन
जावा मोटरसाइकिल्स में लेटेस्ट बीएस-6 इंजन लगा है। हालांकि सरकार ने सभी वाहन निर्माताओं कंपनियों को अप्रैल 2020 से सभी वाहनों में बीएस-6 इंजन लगाने का आदेश दे रखा है। फिलहाल आ रहे सभी वाहन बीएस4 इंजन के साथ आते हैं। वहीं जब कंपनियां अपने वाहनों में बीएस-6 इंजन लगाएंगी, ऐसे में वाहनों की कीमत पर भी असर पड़ेगा।
क्लासिक 350 से हल्की
नई जावा का वजन 170 किग्रा है, जबकि रॉयल एनफील्ड क्लासिक 360 का वजन 192 किग्रा है। दोनों के वजन में तकरीबन 22 किग्रा का अंतर है। जावा के हल्की होने की वजह से न केवल यह बेहतर माइलेज देगी बल्कि अच्छी स्पीड भी देगी। साथ ही, ड्राइविंग में भी आसानी होगी।
6 स्पीड गियरबॉक्स
जावा में मल्टी प्लेट क्लच के साथ 6 स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। जबकि इसकी प्रतिद्वंदी रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 में 5 स्पीड गियरबॉक्स है। जावा में ज्यादा गियर होने का फायदा यह होगा कि ज्यादा आरपीएम पर भी बाइक्स अच्छे से क्रूज कर सकती है। साथ ही, बाइक के माइलेज के साथ पिकअप में भी अंतर दिखाई पड़ेगा।
नई जावा में कंपनी ने पूरी कोशिश की है कि उसका रेट्रो लुक बरकरार रखा जाए। यहां तक कि सीटें, हेडलैंप, स्पोक व्हील, सीट, एग्जास्ट और टैंक भी ऑरिजनल जावा की तरह रखा गया है। यह वजह है कि जावा की लॉन्चिंग के बाद से बाइक लवर्स में खासी बैचेनी देखी जा रही है। रेट्रो फिटिंग के साथ मॉडर्न टच जावा को मॉडर्न क्लासिक रोडस्टर का फ्यूजन दे रहा है।
जावा मोटरसाइकिल में अब तक पिछले ब्रेक डिस्क ब्रेक नहीं थे, जिससे ग्राहक काफी नाखुश थे। ग्राहक दोनों व्हील में डिस्क ब्रेक चाहते थे, जिसके चलते कंपनी ने जावा और जावा 42 के दोनों व्हील को डिस्क ब्रेक से लैस किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जावा ने यह फैसला बाइकर्स कम्यूनिटी से मिले फीडबैक के बाद किया है।
जावा फैंस ने सुझाव दिया था कि बाइक्स की पॉवर को देखते हुए दोनों बाइक्स में डुअल चैनल एबीएस सिस्टम दिया जाए। ऑटो वेबसाइट्स के मुताबिक, फैंस के सुझावों का सम्मान करते हुए कंपनी ने भी दोनों बाइक्स के रियर में एबीएस के साथ डिस्क ब्रेक पर काम किया।