भारत में बनी और दुनियाभर में बिकने वाली मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी (स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल), e Vitara ने सुरक्षा के मामले में खुद को साबित किया है। हाल ही में हुए ANCAP (ऑस्ट्रेलेशियन न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम) क्रैश टेस्ट में इस कार को 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। यह रेटिंग ई-विटारा के सभी वेरिएंट्स पर लागू होती है। हालांकि यह कार 5-स्टार लाने से थोड़ी चूक गई, लेकिन फिर भी इसे सुरक्षा के लिहाज से एक बेहद मजबूत और शानदार इलेक्ट्रिक एसयूवी माना जा रहा है।
भारत में 5 तो विदेश में मिले 4-स्टार: जानें क्रैश टेस्ट में कैसी रही मेड-इन-इंडिया Maruti e-Vitara
ANCAP Crash Test e-Vitara: मारुति सुजुकी की पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक एसयूवी, e-Vitara ने सुरक्षा के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है। इस कार ने ग्लोबल ANCAP क्रैश टेस्ट में 4-स्टार और भारत के BNCAP में पूरे 5-स्टार की सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। 10.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत (BaaS) वाली यह दमदार SUV एडवांस सेफ्टी फीचर्स, दो बैटरी विकल्पों और 543 किलोमीटर तक की बेहतरीन रेंज के साथ आती है।
ANCAP क्रैश टेस्ट के नतीजे
क्रैश टेस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, e Vitara ने अलग-अलग पैमानों पर बेहतरीन स्कोर किया है:
बड़ों की सुरक्षा (एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन): 77%
बच्चों की सुरक्षा (चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन): 87%
पैदल चलने वालों की सुरक्षा (वल्नेरेबल रोड यूजर): 79%
सेफ्टी असिस्ट (सेफ्टी असिस्ट): 71%
सुरक्षा के लिए क्या-क्या फीचर्स हैं?
अगर सुरक्षा की बात करें तो, नवंबर 2025 के बाद से बनने वाले मॉडल्स के लिए लागू इस रेटिंग के अनुसार ई-विटारा में कई बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स बतौर स्टैंडर्ड (सभी वेरिएंट में) दिए गए हैं। यात्रियों के बचाव के लिए कार में डुअल फ्रंट एयरबैग्स के साथ-साथ साइड चेस्ट और हेड प्रोटेक्टिंग एयरबैग्स मौजूद हैं। इसके अलावा, हादसे के वक्त ड्राइवर के घुटनों को सुरक्षित रखने के लिए इसमें खास 'नी एयरबैग' भी दिया गया है। वहीं, सफर को और भी ज्यादा सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए इस इलेक्ट्रिक SUV में ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग (AEB), लेन सपोर्ट सिस्टम और स्पीड साइन पहचानने वाले 'स्पीड असिस्ट' जैसे एडवांस फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
भारतीय बाजार के लिहाज से कितनी खास है e Vitara?
यह मारुति सुजुकी की भारत में बनने वाली और देश में ही बिकने वाली पहली इलेक्ट्रिक SUV है, जिसे ग्राहकों से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अगर कीमत की बात करें तो, भारत में इसे 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उतारा गया है, जो कि BaaS (बैटरी-ऐज़-अ-सर्विस) रेंटल प्रोग्राम के साथ आती है। इसके अलावा, जो बात इसे भारतीय बाजार के लिए सबसे ज्यादा खास और भरोसेमंद बनाती है, वो है इसकी सुरक्षा। भारत के अपने क्रैश टेस्ट प्रोग्राम BNCAP (भारत NCAP) में इस इलेक्ट्रिक कार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है।
बैटरी, रेंज और पावर
मारुति e Vitara ग्राहकों को दो बैटरी विकल्पों के साथ मिलती है। ये दोनों ही फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) के साथ आते हैं:
1. 49kWh बैटरी पैक (डेल्टा ट्रिम):
पहले विकल्प के रूप में डेल्टा ट्रिम में 49kWh का बैटरी पैक दिया गया है। यह 144hp की पावर और 189Nm का टॉर्क जनरेट करता है। फुल चार्ज होने पर यह वेरिएंट 440 किलोमीटर की ARAI प्रमाणित रेंज देने में सक्षम है।
2. 61kWh बैटरी पैक (जीटा और अल्फा ट्रिम):
वहीं, इसके दूसरे विकल्प के तौर पर जीटा और अल्फा ट्रिम में 61kWh का बड़ा बैटरी पैक मिलता है। यह इलेक्ट्रिक मोटर 174hp की पावर और 189Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। इस बड़े बैटरी पैक के साथ यह कार फुल चार्ज होने पर 543 किलोमीटर तक की बेहतरीन ARAI प्रमाणित रेंज देने में सक्षम है।