कोरोना महामारी के चलते मई में कई राज्यों में लॉकडाउन लगा दिया, जिसके चलते कई ऑटोमोबाइल कंपनियों को अपनी नई गाड़ियों की लॉन्चिंग टालनी पड़ी। लॉकडाउन लगने के बाद ऑटो कंपनियों को प्लांट शटडाउन के अलावा उत्पादन की चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा है। वहीं जून में देश के कई राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है, तो ऑटोमोबाइल कंपनियां भी अब कमर कस कर तैयार हैं। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो जून में कई नई गाड़ियां देखने को मिलेंगी। जानते हैं उन गाड़ियों के बारे में...
न्यू लॉन्चिंग: अगर सब रहा दुरुस्त तो ऑटो सेक्टर के लिए जून रहेगा खुशगवार, लॉन्च होंगी ये कारें
Volkswagen Tiguan
नई फॉक्सवैगन टिगुआन को मई में लॉन्च किया जाना था, बाद में इसे जून तक के लिए टाल दिया गया। माना जा रहा है कि कंपनी इसे जून में लॉन्च कर सकती है। हालांकि टिगुआन की खासियतों को देखते हुए इसका इंतजार करना तो बनता है। मार्च में Taigun के साथ ही Volkswagen ने अपनी एसयूवी Tiguan को नए अवतार में पेश किया था। न्यू जेनरेशन Tiguan को अंतराराष्ट्रीय बाजारों में पहले ही लॉन्च किया जा चुका है। Tiguan एसयूवी को पहली बार 2017 में भारत में लॉन्च किया गया था। नई पीढ़ी के मॉडल में कई बदलाव किए गए हैं और उम्मीद की जा रही थी कि इसे Taigun एसयूवी से काफी पहले लॉन्च किया जाएगा।
Volkswagen Tiguan को MQB प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें एलईडी के साथ स्लीक हेडलाइट्स मिलेंगी। इंटीरियर में स्टीयरिंग व्हील पर टच सेंसिटिव बटन और टच सेंसिटिव स्लाइडर्स मिलेंगे। इस एसयूवी में TSI टेक्नोलॉजी दी गई है नई पीढ़ी की Tiguan एसयूवी में अब पहले की तरह डीजल इंजन नहीं मिलेगा। बल्कि अब इस एसयूवी में 2.0-लीटर TSI इंजन दिया गया है जो 190 पीएस की पीक पावर और 320 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन में पैडल शिफ्टर के साथ 4MOTION, 7-स्पीड DSG ट्रांसमिशन दिया गया है।
Hyundai Alcazar
ह्यूंदै की प्रीमियम 7-सीटर Alcazar का बाजार को बेसब्री से इंतजार है। जून में इसकी लॉन्चिंग होनी है। इस साल मार्च में कंपनी ने तीन-पंक्ति वाली एसयूवी को पेश किया था। Hyundai Alcazar का मुकाबला एमजी हेक्टर प्लस और टाटा सफारी से है। क्रेटा बेस्ड अल्काजार को 6-सीटर और 7-सीटर लेआउट के साथ पेश किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक 6-सीटर वेरिएंट की दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीट मिलेंगे। जबकि 7-सीटर वेरिएंट में बेंच सीट दी गई है। अल्काजार को दो इंजन ऑप्शन के साथ पेश किया जाएगा। इनमें पहला है तीसरा पीढ़ी की NU 2.0 लीटर पेट्रोल इंजन और दूसरा U2 1.5-लीटर डीजल इंजन। इसका पेट्रोल इंजन 159 पीएस की पावर और 191 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है, जबकि डीजल इंजन 115 पीएस की पावर और 250 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है।
Skoda Kushaq
Skoda ने भारत में अपनी ऑल-न्यू 5-सीटर 2021 Kushaq (कुशाक) एसयूवी के प्रोडक्शन वर्जन को मार्च में एक ग्लोबल प्रीमियर के दौरान पेश किया था। अपने इंडिया 2.0 प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में स्कोडा को कुशअपने ब्रांड न्यू मॉडल से काफी उम्मीदें हैं। इसका मुकाबला सी-सेगमेंट की कारों जैसे ह्यूंदै क्रेटा और किआ सेल्टोस से है। कुशाक में वायरलेस चार्जिंग, सनरूफ, मल्टीफंक्शन टू-स्पोक स्टीरिंग व्हील, वेंटिलेटेड सीटें और वायरलेस कनेक्टिविटी का फीचर मिलेगा। नई 2021 Skoda Kushaq कार दमदार पेट्रोल इंजन 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-litre TSI मोटर के साथ आएगी। 1.0-लीटर इंजन में 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड टॉर्क-कनवर्टर गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। यह इंजन 115 पीएस की पावर और 175 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं इसमें एक ज्यादा पावरफुल 1.5 TSI इंजन भी दिया गया है जो 150 PS का पावर और अधिकतम 250 Nm का टॉर्क जेनरेट करेगा। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है। नई 2021 Skoda Kushaq का ग्राउंड क्लीयरेंस 188 एमएम और और व्हीलबेस 2,651 एमएम है।
Skoda Octavia
नई 2021 Skoda Octavia पूरी तरह मेकओवर के साथ भारत में लॉन्च होने जा रही है। इसका कार का मुकाबला ह्यूंदै एलांट्रा से होगा। पहले इसकी अप्रैल के आखिर में लॉन्च करने की योजना थी। लेकिन कोरोना के प्रकोप के चलते फिलहाल इस कार की आधिकारिक लॉन्चिंग को जून तक टाल दिया गया। स्कोडा ने औरंगाबाद स्थित अपने प्लांट में इस कार का उत्पादन शुरू कर दिया है। नई ऑक्टाविया 2021 फॉक्सवैगन समूह के MQB प्लेटफॉर्म पर आधारित है। नई ऑक्टाविया 2021 में 2.0 लीटर TSI टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह इंजन 187 बीएचपी की अधिकतम पावर जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। पिछले मॉडल की तुलना में नया मॉडल 19 एमएम लंबा और 15 एमएम चौड़ा होगा। प्रीमियम सेडान में स्लीक एलईडी हेडलाइट्स और टेललाइट्स मिलेंगी।
