Tesla: भारत में Model Y की फीकी शुरुआत के बाद, अब 6 सीटों वाली नई टेस्ला Model Y L लॉन्च करने की तैयारी
Tesla Model Y L India Launch: भारत में अपनी फीकी शुरुआत और गिरती सेल्स को रफ्तार देने के लिए एलन मस्क की कंपनी 'टेस्ला' अब एक नया दांव खेलने जा रही है। कंपनी जल्द ही अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUV का नया 6-सीटर वर्जन, Model Y L भारत में लॉन्च कर सकती है। जानिए इस नई कार के फीचर्स, कीमत और टेस्ला की नई रणनीति के बारे में सब कुछ।
विस्तार
दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक SUV को बनाने वाली कंपनी टेस्ला अब भारत में अपने पोर्टफोलियो को बड़ा करने जा रही है। सूत्रों की मानें तो कंपनी अगले हफ्ते ही अपनी लोकप्रिय SUV का एक नया और बड़ा वर्जन भारत में लॉन्च कर सकती है। आइए जानते हैं इस नई कार और टेस्ला की रणनीति से जुड़ी हर जरूरी बात:
कैसी होगी यह नई SUV?
भारत में लॉन्च होने वाले टेस्ला के इस नए मॉडल का नाम Model Y L होगा। दरअसल, यह कार मौजूदा Model Y का ही एक लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन है। स्पेस और सिटिंग लेआउट की बात करें तो इसमें 3-रो वाली सिटिंग व्यवस्था दी गई है। इसमें 6 लोग आसानी से सफर कर सकते हैं। यह नई SUV खासतौर पर उन बड़े परिवारों के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित होगी, जिन्हें 5-सीटर कारों में जगह की कमी महसूस होती है। आपको बता दें कि टेस्ला ने पिछले वर्ष जुलाई 2025 में अपना पहला 5-सीटर मॉडल भारत में बेचना शुरू किया था। इसके बाद यह 6-सीटर कार भारत के बाजार में कंपनी का पहला नया प्रोडक्ट होने वाली है।
कहां से बनकर आएगी यह कार?
भारत में बिकने वाली स्टैंडर्ड और लॉन्ग-रेंज Model Y की तरह ही, इस नई 6-सीटर Model Y L को भी चीन स्थित टेस्ला की शंघाई गीगाफैक्ट्री से आयात किया जाएगा। फिलहाल दुनिया भर में सिर्फ इसी फैक्ट्री में यह नया मॉडल बनाया जा रहा है।
टेस्ला को क्यों लाना पड़ा यह नया मॉडल?
अब सवाल यह उठता है कि टेस्ला को भारत में यह नया मॉडल क्यों लाना पड़ रहा है? दरअसल, भारतीय बाजार में टेस्ला की शुरुआत काफी फीकी रही है। आधिकारिक आंकड़ों की मानें तो कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2025 में 2,500 कारें बेचने का था, लेकिन वह पूरे वर्ष में केवल 227 कारें ही बेच पाई। इस निराशाजनक बिक्री के पीछे एक बड़ी वजह इंपोर्टेड कारों पर लगने वाला 70% से 110% तक का भारी टैक्स है, जो कार की कीमत को काफी ज्यादा बढ़ा देता है।
बाजार में कारों की डिमांड इतनी कम रही कि टेस्ला को अपना स्टॉक खत्म करने के लिए कारों पर 2 लाख रुपये तक का भारी डिस्काउंट भी देना पड़ा। अब अपनी इसी गिरती हुई सेल को वापस पटरी पर लाने और भारतीय ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनी इस नए 6-सीटर मॉडल को भारत में उतार रही है।
ग्लोबल मार्केट में टेस्ला का हाल
टेस्ला के लिए मुश्किलें सिर्फ भारत में ही नहीं हैं, बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी इलेक्ट्रिक गाड़ियों (ईवी) का पूरा बाजार इस वक्त एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। इसका सीधा असर टेस्ला के कारोबार पर पड़ा है। लगातार दूसरे वर्ष, यानी 2025 में भी टेस्ला की ग्लोबल सेल्स में गिरावट दर्ज की गई है। हालत यह है कि चीन की वाहन निर्माता कंपनी BYD अब टेस्ला को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की नंबर 1 ईवी सेलर बन गई है।
बाजार की इन कड़ी चुनौतियों को देखते हुए टेस्ला ने अपनी रणनीति में भी बड़ा बदलाव किया है। कंपनी अब पूरी तरह से नए प्लेटफॉर्म पर नई कारें विकसित करने में पैसा और समय लगाने के बजाय, अपने मौजूदा मॉडल्स में ही अहम बदलाव करके ग्राहकों को लुभाने और बाजार में अपनी पकड़ वापस मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
कीमत और अन्य बाजारों में उपलब्धता
कीमत और उपलब्धता की बात करें तो टेस्ला ने अपनी इस नई Model Y L को सबसे पहले पिछले वर्ष अगस्त में चीनी बाजार में पेश किया था। चीन में इस 6-सीटर मॉडल की शुरुआती कीमत लगभग $49,679 रखी गई है, जो इसके 5-सीटर स्टैंडर्ड मॉडल से ज्यादा है। इसके साथ ही कंपनी ने यह भी साफ कर दिया है कि यह कार सिर्फ चीन तक सीमित नहीं रहने वाली है। जल्द ही इसे ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों में भी लॉन्च किया जाएगा। ऐसे में यह पूरी उम्मीद है कि भारत के साथ-साथ दुनिया के कई अन्य बड़े बाजारों की सड़कों पर भी यह नई इलेक्ट्रिक SUV जल्द ही दौड़ती नजर आएगी।

कमेंट
कमेंट X