KTM 350 cc Variant: केटीएम Duke और Adventure के 350cc वेरिएंट्स लॉन्च, कम कीमत में मिलेंगे पुराने वाले फीचर्स
KTM 350cc Bikes India: KTM ने भारत में अपनी मशहूर 390 Duke और 390 Adventure के नए और किफायती 350cc मॉडल्स लॉन्च कर दिए हैं। 18% GST स्लैब का सीधा फायदा ग्राहकों को देते हुए, नई Duke 350 की कीमत पहले के मुकाबले करीब 62,000 रुपए तक कम हो गई है। नए मॉडल्स में पावर थोड़ी कम जरूर है, लेकिन फीचर्स और डिजाइन लगभग पहले जैसे ही रखे गए हैं।
विस्तार
ट्रायम्फ के 350cc मॉडल पेश करने के बाद, अब KTM ने भी भारतीय बाजार में बड़ा दांव चला है। कंपनी ने अपनी बेहद लोकप्रिय 390 Duke और 390 Adventure के नए 350cc वेरिएंट लॉन्च कर दिए हैं। इस कदम का मुख्य उद्देश्य 350cc से कम क्षमता वाले टू-व्हीलर्स पर लगने वाले कम GST स्लैब (18%) का सीधा फायदा ग्राहकों तक पहुंचाना है। इससे ये परफॉरमेंस बाइक्स अब पहले से काफी ज्यादा किफायती हो गई हैं। बता दें कि भारत में KTM और Triumph दोनों ही ब्रांड्स बजाज की पार्टनरशिप के तहत काम करते हैं। आइए जानते हैं कि नए 350cc मॉडल्स में क्या खास है और इनकी कीमत कितनी रखी गई है:
कीमत और आपकी बचत
अगर आप बजट को लेकर फिक्रमंद हैं तो KTM का यह फैसला आपकी जेब को बड़ी राहत देने वाला है। कीमत की बात करें तो नई KTM 390 Duke 350 को 2,77,268 रुपए (एक्स-शोरूम) पर लॉन्च किया गया है, जबकि KTM 390 Adventure 350 के लिए आपको 2,80,905 रुपए (एक्स-शोरूम) खर्च करने होंगे।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि नया Duke 350 मॉडल अपने मौजूदा 399cc वाले वर्जन के मुकाबले करीब 62 हजार रुपए सस्ती हो गई है। हालांकि, जो लोग ज्यादा पावर चाहते हैं उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कंपनी ने पुराने 399cc मॉडल्स को बंद नहीं किया है। अब वे पुराने मॉडल्स बाजार में 'R' बैज के साथ बिकते रहेंगे। इससे ग्राहकों के पास अब अपनी पसंद और बजट के हिसाब से चुनाव करने के दो विकल्प मौजूद होंगे।
इंजन और पावर में क्या बदला
कम कीमत का असली कारण इसका नया 350cc का इंजन है, जो 18% GST ब्रैकेट में आता है। इंजन छोटा होने के बावजूद यह दमदार परफॉरमेंस देता है।
| फीचर | नया 350cc इंजन | मौजूदा 399cc 'R' इंजन |
| पावर | 41.5 PS | 45.3 bhp |
| टॉर्क | 33.5 Nm | 39 Nm |
डिजाइन और हार्डवेयर में क्या बदला
डिजाइन और हार्डवेयर की बात करें तो KTM 390 Duke 350 में कंपनी ने बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं, इससे इसका पुराना स्वैग बरकरार है। इस बाइक का वजन 168 किलोग्राम है, जो पुराने 399cc मॉडल से महज 0.3 किलोग्राम ही कम है। हालांकि, सबसे बड़ा और राहत देने वाला बदलाव इसकी सीट हाइट में दिखता है। इसे अब 800mm रखा गया है। इससे कम हाइट वाले राइडर्स के लिए बाइक को कंट्रोल करना और ट्रैफिक में चलाना काफी आसान हो जाएगा।
बाकी फीचर्स पर नजर डालें तो इसमें 17-इंच के अलॉय व्हील्स के साथ भरोसेमंद WP सस्पेंशन दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक मिलते हैं, जो स्विचेबल डुअल-चैनल ABS के साथ आते हैं। इसके अलावा, टेक-प्रेमी युवाओं के लिए इसमें पहले की तरह ही शानदार TFT डिस्प्ले मिलता है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी से लैस है। यानी कम कीमत के बावजूद फीचर्स के मामले में कंपनी ने कोई बड़ी कटौती नहीं की है।
2. KTM 390 Adventure 350
बात अगर KTM 390 Adventure 350 की करें तो यह बाइक आज भी अपनी दमदार 'डुअल-पर्पज' पहचान को बखूबी बनाए हुए है। इसे लंबी दूरी की टूरिंग और कठिन ऑफ-रोडिंग दोनों के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें पहले की तरह ही भरोसेमंद स्टील ट्रेलिस फ्रेम का इस्तेमाल हुआ है।वहीं, इसे खराब रास्तों का उस्ताद बनाने के लिए कंपनी ने इसके सस्पेंशन पर खास ध्यान दिया है। इसमें आगे की तरफ 200mm ट्रैवल वाला एडजस्टेबल USD फ्रंट फोर्क और पीछे की तरफ 205mm ट्रैवल वाला मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। सस्पेंशन का यह बेहतरीन कॉम्बिनेशन सुनिश्चित करता है कि पथरीले रास्तों या बड़े गड्ढों में भी राइडर को पूरा कंट्रोल और आराम मिले।

कमेंट
कमेंट X