टेस्ला अपनी ऑटोपायलट कार की वजह से दुनियाभर में मशहूर है। वैसे भारत में अभी तक ऐसी टेक्नोलॉजी वाली कार नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऑटोपायलट कार का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सहचालक की सीट पर एक बुजुर्ग व्यक्ति आराम से बैठा है, लेकिन ड्राइवर की सीट पर कोई नहीं है। वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर लोग हैरत में पड़ गए हैं।
Viral Video: बिना ड्राइवर के सड़क पर दौड़ती दिखी कार, लोगों ने पूछा- कौन चला रहा है?
वायरल हो रहा ये वीडियो तमिलनाडु का है, लेकिन सटीक लोकेशन का पता नहीं चला है। टैगोर चेरी नाम के एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया था। इस वीडियो की क्लिप की शुरुआत में हाइवे पर प्रीमियर पद्मिनी अपने आप चलती हुई दिखाई दे रही है। वहीं ड्राइवर के बगल वाले सीट पर एक बुजुर्ग शख्स बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। मास्क पहने हुए बुजुर्ग व्यक्ति को देखकर ऐसा लगता है कि गाड़ी में ड्राइवर ना होने से उसे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
बता दें कि इस वीडियो को पद्मिनी के पीछे चल रही एक दूसरी कार से लिया गया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि बिना ड्राइवर के ही यह कार आसानी से सड़क पर दौड़ रही है। इतना ही नहीं यह कार आसानी से लेन भी बदल ले रही है।
टैगोर चेरी ने इस कार का वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि 'आज कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को यात्री की सीट पर बैठकर अपनी पद्मिनी कार चलाते देखा। लोग हैरत में थे कि वह यह कैसे कर रहा है? कार अपने आप कैसे चल सकती है? आप वीडियो में देख सकते हैं।'
आखिर कौन चला रहा है कार?
बता दें कि इस कार में बैठा शख्स ही इसे चला रहा है। वह अपने दाहिने हाथ से कार की स्टीरियरिंग को कंट्रोल कर रहा है। लेकिन ऐसा करते हुए वह बेहद शांत है, जिससे वह सहज दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान आकर्षित करने के लिए उसने चलती कार में ही अपनी सीट बदल ली और रिकॉर्ड हुए वीडियो को देखकर लग रहा है कि कार अपने से चल रही है।
बता दें कि एक समय ऐसा था जब प्रीमियर पद्मिनी कार युवाओं, मशहूर हस्तियों और अन्य लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ करती थी। वायरल हो रहे इस वीडियो को केवल सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान आकर्षित करने के लिए रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, लोगों को यह सलाह दी जाती है कि एक जिम्मेदार चालक बन सभी नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं।