भारतीय रेल एशिया का दूसरा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। कभी भाप इंजन से शुरू हुई रेल अब हाई स्पीड ट्रेन बन चुकी है। पर्यटन के लिहाज से हमारा देश राजसी स्मारकों, शानदार पर्यटन स्थलों से भरा हुआ है, तो वहीं दूसरी ओर राजशाही सुविधाओं वाली ट्रेनें भी पर्यटन को बढ़ावा दे रही हैं। दुनिया की जानी-मानी पर्यटन पत्रिका कोन्डे नास्ट ने राजस्थान का सैर कराने वाली लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स को दुनिया की दूसरी लग्जरी ट्रैवल ट्रेन का दर्जा दिया है। तो आइए जानते हैं इस ट्रेन की खासियतों के बारे में, जो दुनियाभर के लोगों का दिल जीत लेती है।
भारत के इस ट्रेन का लाखों में है किराया, कराती है राजसी यात्रा का अहसास
पैलेस ऑन व्हील्स
राजशाही सुविधाओं से भरपूर यह ट्रेन सितंबर से अप्रैल के दौरान चलती है। कुल 3,000 किलोमीटर की यात्रा में ट्रेन दिल्ली से पिंक सिटी जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौरगढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर, आगरा होते हुए वापस दिल्ली आती है।
पैलेस ऑन व्हील्स शुरुआत के बाद से अब तक यानि 32 सालों में करीब 50,000 यात्रियों को राजस्थान की आलीशान भव्य हवेलियों, विशाल किलों, रेत के टीलों के साथ पर्यटन स्थलों की सवारी करवा चुकी है। इस लग्जरी ट्रेन में मिलने वाली सुविधाएं किसी महल से कम नहीं हैं।
ट्रेन में सुविधाएं
- 2 रेस्टोरेंट, 1 बार और 4 सर्विस कारें
- 2 सुपर डिलक्स केबिन, 39 डिलक्स केबिन
- ट्रिपल बेड, डबल बेड और सिंगल बेड
- फुल एसी ट्रेन, 24 घंटे सर्विस
- एटीएम और सेटेलाइट फोन जैसी सुविधा
अगर आप सच में रॉयल अंदाज में जीना चाहते हैं, तो कुछ दिनों के लिए भारतीय रेल विभाग और राजस्थान पर्यटन विभाग की इस लग्जरी ट्रेन में सफर कीजिए। इस ट्रेन में एसी का तापमान हमेशा 25 डिग्री सेल्सियस रहता है। रूम में टीवी, इंटरकॉम, कॉफी मेकर और कप, अटेच बाथरूम में गरम और ठंडा पानी के साथ-साथ तमाम तरह की सुविधाएं मौजूद हैं। हर सुबह न्यूज पेपर और चाय भी आपके कमरे तक पहुंचाई जाती है।