रोहित शर्मा ने 199 रन के लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया। उन्होंने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे व अंतिम टी-20 इंटरनेशनल में नाबाद शतक लगाया और टीम इंडिया को सीरीज में 2-1 से जीत दिलाई। दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज इतनी अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे कि देखकर ऐसा लगा ही नहीं कि उन्हें रन बनाने के लिए प्रयास करना पड़ रहा हो। वैसे, यह बल्लेबाजी की खूबी भी है, जो उनकी छवि के साथ जुड़ चुकी है। रोहित ने 56 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए और टी-20 इंटरनेशनल में अपना तीसरा शतक जड़ा।
रोहित शर्मा को शतक जमाने का मिला था गुरूमंत्र, मैच के बाद किया बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
31 वर्षीय रोहित को इस पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा, 'परिस्थिति को भांपने की जरूरत थी। हमें पता था कि विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान है। मैं जब बड़े शॉट खेल रहा था तब कोशिश कर रहा था कि अपने आकार को ठहरा सकूं। मुझे शांत रहना पसंद है, दबाव लेना पसंद नहीं क्योंकि एक बार आप पिच पर टिक जाएं तो फिर स्कोर बनाने में आसानी होती है। विकेट अच्छा था, जिसे देखकर मुझे पता था कि पिच पर डटे रहने की जरूरत है।'
रोहित शर्मा ने अपने साथी हार्दिक पांड्या की भूमिका की भी तारीफ की। पांड्या ने सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए और रोहित के साथ केवल 23 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को जीत दिलाई। पांड्या के बारे में बात करते हुए मुंबई के बल्लेबाज ने कहा, 'हार्दिक निडर खिलाड़ी है। टीम भी उनसे इसी तरह के खेल की उम्मीद रखती है।' यही नहीं हार्दिक पांड्या ने मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन किया और 38 रन देकर चार विकेट भी झटके।
टीम इंडिया की सीरीज जीत से खुश कप्तान विराट कोहली ने भी हार्दिक पांड्या की तारीफों के पुल बांधें। उन्होंने कहा, 'हार्दिक अच्छे ऑलराउंडर हैं। विश्वास से लबरेज हैं। जिस अंदाज में उसने वह विकेट लिए आप युवाओं से इसी प्रकार के प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं। इसके बाद उन्होंने बल्ले से प्रदर्शन किया। रोहित की पारी निश्चित ही विशेष थी, लेकिन हार्दिक का प्रदर्शन लाजवाब रहा।'
वहीं, इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा कि उनकी टीम के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में खराब शॉट खेलकर अपने विकेट गंवाए, जो उनकी हार की प्रमुख वजह रही। मोर्गन ने कहा, 'हमने शॉट का चयन सही नहीं किया। हमें इस पर काम करना होगा कि सही गेंद पर प्रहार करें। छोटे मैदान पर हमारी कोशिश बड़ा स्कोर बनाने की थी। मुझे लगता है कि हम बल्ले से कमाल करेंगे और फिर विशाल लक्ष्य की सफल रक्षा कर पाएंगे। हमने सीखा और उम्मीद करता हूं कि आगे अपने प्रदर्शन में सुधार करेंगे।'