न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने दूसरे टेस्ट में करिश्माई गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को महज 20 मिनट में ढेर कर दिया। तेज गेंदबाज ने महज 15 गेंदों के भीतर चार रन देकर 6 विकेट झटके। इसके चलते श्रीलंका की टीम 104 रन पर ऑलआउट हो गई।
इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी पहले दिन 178 रन पर ऑलआउट हुई थी। क्राइस्टचर्च में चल रहे दूसरे टेस्ट में श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चंडीमल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल ने पांच विकेट लेकर कीवी टीम को पहली पारी में 178 रन पर ऑलआउट कर दिया।
इसके बाद पहले दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने चार विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाए थे। गुरुवार को ट्रेंट बोल्ट की कहर बरपाती गेंदों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की धारदार गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की शेष पारी महज 20 मिनट में ढेर हो गई।
बोल्ट की तूफानी रफ्तार गेंदबाजी में महज 15 गेंद में चार रन देकर श्रीलंका के छह विकेट झटके। बोल्ट ने रोशन सिल्वा, निरोशन डिकवेला, दिलरूवान परेरा, सुरंगा लकमल, दुश्मंता चामीरा और लाहिरू कुमारा को अपना शिकार बनाया।
बोल्ट के आगे बेबस आखिर के चार बल्लेबाज तो अपना खाता तक नहीं खोल पाए। पहली पारी में ट्रेंट बोल्ट ने कुल 15 ओवर में 30 रन देकर छह विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 8 मेडल ओवर भी डाले।