चुनाव की चुनौती से पूर्व दलित सियासत को नए सिरे से साधने निकली भाजपा ने शुक्रवार से समरसता महाभियान शुरू कर दिया। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मोहिनी रोड में दलित प्रतिनिधियों के साथ पंगत में बैठ कर सहभोज किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों से आए भोजन को सभी ने मिलकर खाया।
आंबेडकर जयंती: बीजेपी के सहभोज में CM त्रिवेंद्र ने दलितों के साथ खाया खाना, तस्वीरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजयुमो के सवर्ण कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों से भोजन का वितरण किया। नारे लगते रहे- बाबा तेरा मिशन अधूरा, भाजपा इसे करेगी पूरा। कार्यकर्ताओं ने नारे में अपने हिसाब से संशोधन भी किया और कहा-बाबा तेरा मिशन अधूरा, मोदी-त्रिवेंद्र कर रहे पूरा। इस मौके पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारत की समरसता और विशिष्टता को कोई ताकत नुकसान नहीं पहुंचा सकती।
भाजयुमो की ओर से आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर की स्मृति में केंद्र सरकार ने दिल्ली में 104 करोड़ के स्मृति भवन का निर्माण कराया है। यह बहुत बड़ा फैसला है। सीएम ने अपने कॉलेज के दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता के लिए हम सदैव प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि संघ आज से नहीं, बल्कि सालों से समरसता अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो पर प्रहार करने के प्रयास होते रहे। हमें इस पर ध्यान देकर अपने समाज को जोड़ना है।
कार्यक्रम में टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक हरबंश कपूर, गणेश जोशी, खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, भाजपा के देहरादून जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुण्डीर, भाजपा प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, दून महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, सुनील उनियाल गामा, समरसता अभियान की प्रभारी और भाजयुमो की केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी नेहा जोशी भी मौजूद थे। संचालन प्रदेश महामंत्री नवीन ठाकुर ने किया। इस मौके पर पूर्व दर्जाधारी मंत्री चमनलाल वाल्मीकि, बाबूराम, रविंद्र कटारिया, सरदार जीवन सिंह, राकेश तिनका, भावना, बबीता सहोत्रा को सम्मानित किया गया।