उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर स्थित जौहरीपुर में बृहस्पतिवार सुबह चाय बनाने को लेकर हुए विवाद में एक सिरफिरे व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर खिड़की का कांच तोड़कर हमला कर दिया। शोर सुनकर तीनों बेटियां मां को बचाने पहुंचीं तो आरोपी ने पत्नी को छोड़कर बेटियों पर हमला कर दिया। पत्नी और तीनों बेटियों को बुरी तरह घायल करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। एक बेटी ने किसी तरह पास में रहने वाले अपने मामा और चाचा को खबर दी। लोगों ने फौरन संगीता (42) और उसकी तीनों बेटियों काजल (23) तनु (21) और अनु (18) को जीटीबी अस्पताल ले गए। जहां छोटी बेटी अनु को मृत घोषित कर दिया गया। पेट में कांच लगने की वजह से काजल की हालत भी नाजुक बनी हुई है। सभी का जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चाय के लिए बाप बना हैवान: तीन बेटियों पर नुकीले कांच से हमला, पत्नी के इस इनकार पर की बर्बरता, सिहर उठे लोग
करावल नगर थाना पुलिस ने मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पिता दीपसेन उर्फ पप्पू (48) की तलाश शुरू कर दी है। करावल नगर थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार, संगीता अपने परिवार के साथ गली नंबर-आठ, जैन कॉलोनी, जौहरीपुर इलाके में रहती है। परिवार में पति दीपसेन के अलावा तीन बेटियां काजल, तनु और अनु हैं। दीपसेन को शराब पीने की लत है। हर समय वह शराब के नशे में रहता है। इसके अलावा वह कोई कामधंधा भी नहीं करता है।
बड़ी बेटी काजल एक निजी बैंक में नौकरी करती है, उसकी सैलरी से ही घर का खर्चा चलता है। वहीं तनु डीयू के एक कॉलेज में ग्रेजुएशन फाइनल ईयर की छात्रा है। अनु ने इसी साल 12वीं कक्षा के एग्जाम दिए थे, वह अपने रिजल्ट का इंतजार करने के अलावा एडमिशन की तैयारी कर रही थी। उसका नर्सिंग में दाखिला भी हो गया था। बृहस्पतिवार को उसे पहले दिन कॉलेज भी जाना था।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 6.30 बजे संगीता परिवार के लिए खाना बना रही थी। इस दौरान दीपसेन उठा और उसने अपनी पत्नी से चाय बनाने के लिए कहा। इस पर संगीता ने कहा कि पहले खाना बन जाए, उसके बाद वह चाय बना देगी। दीपसेन ने जिद की तो संगीता ने बाजार से दूध लेकर आने के लिए कहा। इस बात पर दीपसेन भड़क गया। उसने सो रही बेटियों से दूध मंगवाने के लिए कहा। यह कहकर वह बेटियों को उठाने बढ़ा तो संगीता ने पति को रोककर बेटियों को उठाने से मना किया। इस बात पर आरोपी आगबबूला हो गया। उसने कमरे की खिड़की का कांच तोड़ा और पत्नी की गर्दन पर रखकर उसे धमकाने लगा। संगीता ने मदद के लिए बेटियों को आवाज दी।
मां की आवाज सुनकर तीनों बेटियां जैसे ही वहां पहुंची तो आरोपी ने पत्नी को छोड़कर बेटियों पर कांच से हमला कर दिया। काजल और अनु के पेट में कांच घोंपने के बाद तनु और संगीता के हाथ में कांच मार दिया। शोर-शराबा हुआ तो पड़ोसी वहां आ गए। इस दौरान आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद संगीता का भाई सन्नी और देवर राजेश वहां पहुंचे। दोनों मां-बेटियों को जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां अनु को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में संगीता, काजल और तनु का इलाज जारी है। पुलिस आरोपी दीपसेन की तलाश कर रही है।