साल 2020 के पहले दिन का स्वागत दिल्ली वालों ने पूरी गर्मजोशी से किया। साफ मौसम के बीच बुधवार को एक तरफ नए साल का जश्न मनाने लोग अपने परिवार के साथ घूमने निकले। वहीं, दूसरी ओर इसकी वजह से कनॉट प्लेस और इंडिया गेट पर जबरदस्त जाम की स्थिति देखने को मिली। आलम यह था कि दोपहर तक राजीव चौक, बाराखंभा, टॉलस्टॉय मार्ग, अशोक रोड, इंडिया गेट सर्कल, दिल्ली हाईकोर्ट, मथुरा रोड, जनपथ, रेल भवन मार्ग, संसद मार्ग इत्यादि जगहों पर जाम लगा रहा। जगह-जगह पुलिसकर्मी वाहनों की रफ्तार को गति देने का प्रयास करते रहे। देर शाम तक लुटियन दिल्ली में जाम के बुरे हालात थे।
तस्वीरें: गर्मजोशी से साल के पहले दिन का लोगों ने किया स्वागत, इंडिया गेट पर दिखी भारी भीड़
इससे पहले साल के पहले दिन की सुबह लोगों ने मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे और चर्च जाकर अपने और परिवार के लिए प्रार्थना की। झंडेवाला देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की काफी भीड़ रही। मंदिर के सत्संग हॉल में कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके बाद भंडारा वितरण भी हुआ। ठीक इसी तरह जीपीओ स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारा और रकाब गंज गुरुद्वारे में काफी संख्या में लोग माथा टेकने पहुंचे। कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर, यमुना बाजार स्थित मरघट वाले बाबा, चांदनी चौक स्थित शीशगंज गुरुद्वारा, निजामुद्दीन दरगाह, जामा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर दिनभर लोगों की भारी भीड़ रही। इसके अलावा लालकिला, पुराना किला, इंडिया गेट, इंद्रप्रस्थ पार्क व अन्य जगहों पर भी लोगों की भारी भीड़ थी। ऐसे में राजधानी की ज्यादातर सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
कनॉट प्लेस पर सबसे ज्यादा युवा
बुधवार को नए साल का जश्न पर युवाओं की सबसे ज्यादा भीड़ कनॉट प्लेस में देखने को मिली। यहां इनर सर्कल पर खरीदारी से ज्यादा सेंट्रल पार्क में मस्ती करने वालों की भीड़ थी। हर कोई बस अपने अपने अंदाज में सेल्फी लेता नजर आ रहा था। भीड़ की वजह से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर काफी दिक्कत लोगों को आई। यहां मेट्रो के गेट से लेकर प्लेटफॉर्म तक लंबी लंबी लाइनें लगी थीं।
सोशल मीडिया पर ट्रैफिक से अलर्ट करती रही पुलिस
लोगों की भीड़ से सड़कों पर लग रहे जाम की वजह से दिन भर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया पर दिल्ली वालों को अलर्ट करती रही। इस दौरान कई लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए विभिन्न मार्ग के बारे में जानकारी मांगी। पुलिस के अनुसार दोपहर से लेकर शाम तक नई दिल्ली के कई इलाकों में मार्ग डायवर्ट भी करने पड़े।
आम दिनों से ढ़ाई गुना ज्यादा लोग पहुंचे चिड़ियाघर
चिड़ियाघर में आमतौर पर 9 से 10 हजार लोग प्रतिदिन घूमने जाते हैं लेकिन नये साल के पहले दिन शाम 5 बजे तक चिड़ियाघर प्रशासन ने ढ़ाई गुना ज्यादा दर्शकों की संख्या दर्ज की। प्रशासन के अनुसार बुधवार को 25 हजार 200 लोग चिड़ियाघर देखने पहुंचे।