शुक्रवार को मुंबई के मलाड स्थिति इनऑर्बिट मॉल के आईनॉक्स थियेटर में रणबीर कपूर की फिल्म 'शमशेरा' का ट्रेलर लांच हुआ। मलाड में ही एक किलोमीटर की दूरी पर इन्फिनिटी मॉल भी है। अक्सर लोग इनऑर्बिट मॉल को इन्फिनिटी मॉल समझकर वहां पहुंच जाते है। इस गलतफहमी के शिकार रणबीर कपूर भी हो गए। जब वो इनॉर्बिट मॉल की जगह इन्फिनिटी मॉल पहुंचे तो वह सकते में आ गए क्योंकि वहां कोई था ही नहीं। रणबीर बताते हैं, ‘मेरे ड्राइवर ने मुझे इन्फिनिटी मॉल पहुंचा दिया। वहां पहुंचकर देखा तो वहां कोई नहीं था, एक दम सुनसान था। मुझे लगा कि हम गलत जगह आ गए। पहले से ही देर हो रही थी, तो वहां से हड़बड़ी में इनॉर्बिट मॉल के लिए निकले तो किसी ने मेरी गाड़ी ठोक दी। शुक्र है कि सिर्फ गाड़ी को ही कुछ खरोचे आई हम लोगों को कुछ नहीं हुआ।’
Shamshera Trailer: घर से निकले रणबीर पहुंचे गलत थिएटर में, हड़बड़ी में लौटे तो गाड़ी में भिड़ी दूसरी गाड़ी और..
इन ऑर्बिट मॉल में जब रणबीर कपूर पहुंचे तो थोड़े से डरे सहमे से दिख रहे थे, शायद उनके जेहन में थोड़ी देर पहले वाली घटना घूम रही थी, लेकिन पहले से मौजूद अपने प्रशंसकों का उत्साह देखकर जो हुआ सब भूल गए। उन्होंने कहा, ‘आज सुबह सुबह दिन की शुरुआत बहुत गड़बड़ हुई, अभी तक मेरा बुरा समय चल रहा था, लेकिन अब उम्मीद करता हूं कि आज का दिन अब अच्छा रहेगा।' बहरहाल, ट्रेलर रिलीज के बाद सबका जबरदस्त उत्साह देखकर रणबीर कपूर भी खूब उत्साहित दिखे और सुबह उनके साथ जो हादसा हुए उसे भूल गए।
जैसा कि ट्रेलर में दिखाया गया कि रणबीर कपूर 'शमशेरा' में बाप बेटे की भूमिका निभा रहे हैं। रणबीर कपूर ने बताया, 'पहले मुझे बल्ली की भूमिका के लिए फाइनल किया गया था। लेकिन जब मैने स्क्रिप्ट पढ़ी तो बल्ली और शमशेरा दोनों के किरदार मुझे बहुत जबरदस्त लगा। एक कलाकार होने के नाते मुझे दोनों भूमिकाएं करने का लालच आ गया। मैने आदित्य चोपड़ा और करण मल्होत्रा को इस बात के लिए राजी कर लिया कि वे शमशेरा के किरदार के लिए भी मुझ पर भरोसा कर सकते हैं। उसके बाद करण ने कुछ लुक टेस्ट किए और मुझे लगता है कि, तभी वह भी आश्वस्त हो पाए। ये दो अनोखे किरदार थे और मेरे जैसे अभिनेता के लिए दो विशिष्ट किरदार निभाना और उन्हें अलग बनाना, काफी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रहा।'
रणबीर कपूर हैं, 'इस तरह की भूमिकाएं निभाने के लिए इससे पहले किसी ने मुझे ऑफर नहीं दिया। ‘संजू’ की रिलीज के बाद मेरी दो फिल्में 'शमशेरा' और 'ब्रह्मास्त्र' रिलीज हो रही है। दोनों फिल्मों को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं।' बॉक्स ऑफिस पर लगातार पिट रही हिंदी फिल्मों का भी इस दौरान जिक्र आया। इस पर रणबीर कपूर कहते हैं, 'हर निर्माता और निर्देशक बड़ी शिद्दत के साथ फिल्में यह सोच कर बनाता है कि उसकी फिल्में चलेंगी। फिल्म न चलने के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन हिट फिल्म बनाने का कोई फार्मूला नहीं है, अगर ऐसा होता तो हर कोई मुकेश अंबानी बन जाता।'
22 जुलाई को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘शमशेरा’ की कहानी काजा नामक एक काल्पनिक शहर की पृष्ठभूमि में है। समय आजादी की पहली लड़ाई के ठीक बाद का है और शमशेरा नाम का एक डकैत अंग्रेजों से लोहा निकल पड़ता है। उसका मकसद है इलाके के क्रूर अंग्रेज अफसर शुद्ध सिंह के चंगुल से उन आदिवासियों को निकालना जिन्हें उसने गुलाम बनाकर रखा है। अपने समाज की रक्षा के लिए निकले शमशेरा के इस संघर्ष में उसका साथ देती है इलाके की एक सुंदरी जिसका किरदार फिल्म में वाणी कपूर निभा रही हैं।
