अमेरिका में अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत पर दुनियाभर में गुस्सा देखा जा रहा है। बॉलीवुड में करीना कपूर, करण जौहर, प्रियंका चोपड़ा सहित कई सितारों ने इस पर नाराजगी जताई और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सितारों के इस तरह के पोस्ट पर अभिनेता अभय देओल ने कहा था कि अपने देश पर भी नजर डालनी चाहिए। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इस बार अभय ने गोरेपन की क्रीम के विज्ञापन करने वाले सितारों पर सवाल उठाए हैं।
जॉर्ज फ्लॉयड का समर्थन कर रहे सितारों पर अभय देओल ने उठाए सवाल, बोले- 'गोरेपन की क्रीम का प्रचार बंद करेंगे?'
अभय देओल ने ट्वीट करते हुए बॉलीवुड सितारों से सवाल पूछा है कि क्या वो गोरेपन की क्रीम का समर्थन करना बंद करेंगे? अभय ने लिखा, 'आप क्या सोचते हैं भारतीय सितारे गोरेपन की क्रीम का विज्ञापन करना बंद कर देंगे?' अभय इससे पहले भी गोरेपन की क्रीम के विज्ञापन करने पर सितारों पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
एक लंबे पोस्ट में ढेर सारे डाटा साझा करते हुए अभय ने लिखा कि 'कुछ सालों पहले भारत में गोरेपन की क्रीम की उत्पत्ति हुई। पहले फेयरनेस क्रीम्स और अब स्किन ब्राइटनिंग या स्किन वाइटनिंग जैसे क्रीम्स तक। ज्यादातर ब्रांड्स गोरेपन की क्रीम्स जैसे नाम से जुड़ना नहीं चाहते। ऐसे में अब हम ऐसे उत्पादों को एचडी ग्लो, व्हाइट ब्यूटी, व्हाइट ग्लो, फाइन फेयरनेस जैसे नाम से बेचेंगे। इतने सालों में अब कंपनियों का ध्यान पुरुषों की ओर गया है। अब वो उन्हें 'फेयर एंड हैंडसम' बनाना चाहते हैं। पूरी मेहनत से अब गोरेपन की रेंज वहां है।'
A post shared by Abhay Deol (@abhaydeol) on
इससे पहले अभय देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा था कि 'अप्रवासियों, गरीबों और अल्पसंख्यकों की जिंदगी भी मायने रखती है। कई सितारे और मिडिल क्लास अमेरिका में नस्लभेद के खिलाफ अपनी राय रख रहे हैं, वो शायद देखना चाहेंगे कि उनके अपने देश में क्या हो रहा है? मैं ये नहीं कह रहा कि वहां के लोगों के साथ ऐसा होना चाहिए। मैं कह रहा हूं कि इसे एक बड़े स्तर पर देखने की कोशिश करिए। मैं कह रहा हूं कि अपने देश में चल रही गंभीर समस्याओं के बारे में बात करके उनका समर्थन करिए।'
बता दें कि अभय देओल ने अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में इम्तियाज अली की रोमांटिक फिल्म 'सोचा न था' से की थी। फिल्म कुछ खास कमाल तो नहीं कर पाई लेकिन दर्शकों ने अभय देओल को जरूर नोटिस किया। साल 2007 में उनकी 'हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड' रिलीज हुई। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। 2009 में अनुराग कश्यप की 'देव डी' में अभय देओल के काम को काफी सराहा गया। कुछ समय पहले नेटफ्लिक्स पर उनकी फिल्म 'चॉपस्टिक्स' रिलीज हुई थी।
'मन्नत' की बालकनी में मां गौरी के साथ दिखीं सुहाना खान, बारिश के दौरान की तस्वीरें वायरल