अभिनेताओं को फिल्मों में कई तरह के किरदार निभाने पड़ते हैं, जिसके लिए वह जी तोड़ मेहनत करते हैं। फिल्मों में किरदार की मांग के अनुसार अभिनेता खुद को बदलते हैं और भूमिका में खुद को ढालकर जबर्दस्त अभिनय करते हैं। फिल्मों में कई अभिनेता डबल रोल निभाते हुए भी नजर आते है। इतना ही नहीं कुछ अभिनेता फिल्मों में दो से ज्यादा भूमिका में भी नजर आ चुके हैं। आज हम आपको उन अभिनेताओं के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने फिल्मों में डबल रोल किए हैं, लेकिन सकारात्मक और नकारात्मक भूमिका खुद ही निभाई है। चलिए जानते हैं उन्हें अभिनेताओं के बारे में, जिन्होंने अपनी ही फिल्म में हीरो बनकर खुद के ही विलेन वाले किरदार से मुकाबला किया।
Celebs: कभी खलनायक तो कभी हीरो...अपनी ही फिल्म में डबल रोल निभा खुद से ही दो-दो हाथ करते नजर आए ये सितारे
अमिताभ बच्चन
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आता है सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का। ऐसे ही अमिताभ बच्चन ने अपने करियर में कई फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाई हैं, लेकिन 1978 में रिलीज हुई फिल्म 'डॉन' में उन्होंने हीरो और विलेन दोनों का किरदार निभाया था। इस फिल्म में वह 'विजय' और 'डॉन' के किरदार में नजर आये थे। बिग बी को उनकी बेहतरीन अदाकारी के लिए फिल्मफेयर का बेस्ट एक्टर का भी अवॉर्ड मिला था।
शाहरुख खान
इस लिस्ट में अगला नाम आता है बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का। शाहरुख भी एक ही फिल्म में हीरो और विलेन दोनों रूपों में नजर आ चुके हैं। किंग खान 'डुप्लीकेट' फिल्म में हीरो और खलनायक दोनों किरदार में नजर आए थे, जिसमे उन्होंने 'बबलू' और 'मन्नू दादा' की भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही शाहरुख 'डॉन' और 'फैन' फिल्म में भी सकारात्मक और नकारात्मक दोनों भूमिकाएं निभा चुके हैं।
अक्षय कुमार
इस लिस्ट में अगला नाम आता है अक्षय कुमार का, जिन्होंने अभी तक अपने करियर में कई नेगेटिव किरदार निभाए हैं। अक्षय ने भी कुछ फिल्मों में हीरो के साथ खलनायक की भूमिका निभाई है। अक्षय 1997 में रिलीज हुई फिल्म 'अफलातून', 'खिलाफी 420' और '8×10 तस्वीर' में डबल रोल में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने हीरो और विलेन दोनों की भूमिका खुद ही निभाई थी।
गोविंदा
इस लिस्ट में कॉमेडी स्टार गोविंदा भी शामिल हैं। गोविंदा ने अपने करियर की कई फिल्मों में डबल रोल निभाया है, लेकिन एक फिल्म ऐसी है, जिसमें उन्होंने खुद से ही मुकाबला किया था। साल 2006 में आई फिल्म 'सैंडविच' में गोविंदा ने सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही भूमिका निभाई थी और इस कॉमेडी फिल्म के जरिए दर्शकों को खूब हंसाया था।