देश के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स की आने वाली कुछ फिल्मों के ओटीटी राइट्स को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कंपनी ने अब खुद अपना ओटीटी लाने का भी मन बना लिया है। यशराज फिल्म्स की विभिन्न निर्माणाधीन फिल्मों में करीब 1200 करोड़ रुपये दांव पर लगे हुए हैं और अब अपने कारोबार का विस्तार करते हुए कंपनी की योजना फिर से वेब सीरीज और टीवी शोज बनाने की है, इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश करने को कंपनी प्रबंधन ने मंजूरी दे दी है। यशराज फिल्म्स ने अपनी पुरानी तमाम फिल्मों के ओटीटी राइट्स अलग अलग कंपनियों को दे रखे हैं। समझा जाता है कि ये सौदे पूरे होने के बाद यशराज फिल्म्स की ये फिल्में भी उसके अपने ओटीटी पर ही उपलब्ध हो जाएंगी।
YRF OTT: आदित्य चोपड़ा की ओटीटी स्पेस में उतरने की तैयारी, देसी कंटेंट के लिए दिए 500 करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निर्देशक के रूप में खूब चर्चाएं, तालियां और शोहरत बटोरने के बाद बी आर फिल्म्स के मालिक बलदेव राज (बी आर) चोपड़ा के भाई यश चोपड़ा ने उस समय के सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ मिलकर यश राज फिल्म्स की नींव 1970 में डाली थी। बीते साल फिल्म कंपनी के 50 साल पूरे होने पर प्रोडक्शन हाउस ने शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान के बेटे जुनैद खान को लेकर एक के बाद एक कई फिल्में शुरू कीं। इनमें से ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘महाराजा’ निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं।
कंपनी की हिट फिल्म ‘बंटी और बबली’ की सीक्वेल अगले हफ्ते रिलीज हो रही है। इसके बाद यशराज फिल्म्स की तीन और फिल्में पूरी होकर रिलीज की कतार में हैं। अगले साल के शुरू के तीनों महीनों में कंपनी की तीन फिल्में ‘पृथ्वीराज’, ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘शमशेरा’ एक के बाद एक रिलीज होने वाली हैं। इन फिल्मों को लेकर यशराज फिल्म्स की एक बड़ी ओटीटी कंपनी की डील फाइनल होने की भी खबर है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
यशराज फिल्म्स के अपने ओटीटी को लेकर भी कंपनी की तरफ से आधिकारिक एलान किसी भी समय हो सकता है। लेकिन, सूत्र बताते हैं कि ये ओटीटी मुख्यत: भारतीय संवेदनाओँ को दर्शाने वाली रोचक कहानियों पर बनने वाली वेब सीरीज पर फोकस करेगा। इस प्रोजेक्ट पर यशराज फिल्म्स में बीते दो साल से काम चलता रहा है और इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश यशराज फिल्म्स ने किया। कंपनी के इस ओटीटी का नाम वाईआरएफ एंटरटेनमेंट रखा गया है। यशराज फिल्म्स इसके पहले भी तमाम टीवी सीरीज बना चुका है और उनके ओटीटी राइट्स को लेकर विवादों की खबरें भी सामने आती रही हैं।
इस प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक आदित्य चोपड़ा भारत में डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन के स्तर को ऊपर उठाने में अपना योगदान देना चाहते हैं। वह देसी (भारतीय) कहानियों के साथ विजन और स्टोरीटेलिंग के वैश्विक मानकों के साथ मैच करना चाहते है। वाईआरएफ में इन स्क्रिप्ट्स को स्थानीय तौर पर तैयार किया जा रहा है। हो सकता है कि यह कदम ओटीटी स्पेस को हमेशा के लिए बदल दे। वाईआरएफ की बड़ी योजनाएं हैं और वे जल्द ही अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे।