अभिनेता अजय देवगन अपनी अगली फिल्मों पर तेजी से काम करने के बारे में सोचते हैं। इसलिए, उन्होंने अपनी एक और रुकी हुई स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'मैदान' को भी जल्द से जल्द पूरा करने की योजना बना ली है। इस शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए अजय देवगन ने जानकारी दी है कि वह अपनी फिल्म 'मैदान' को अब स्वतंत्रता दिवस के आसपास नहीं, बल्कि दशहरे पर रिलीज करेंगे। इसके लिए उन्होंने रिलीज की तारीख भी तय कर दी है।
अजय देवगन ने फिर बदली फिल्म 'मैदान' की तारीख, अब इस त्यौहार पर होगी रिलीज
फिल्म 'मैदान' अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है जिसमें वह एक फुटबॉल कोच सैयद अब्दुल रहीम की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म के विकास में ताजा जानकारी देते हुए अजय देवगन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, 'अब फिल्म मैदान दशहरे पर वर्ष 2021 में दुनिया के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसकी शूटिंग जनवरी 2021 से शुरू होने वाली है।' इस हिसाब से अब यह फिल्म 13 अगस्त को नहीं, बल्कि 15 अक्तूबर 2021 यानी दशहरे पर रिलीज होगी।
‘Maidaan’ now releases worldwide in theatres on Dussehra 2021. Shoot commences January 2021.#Maidaan2021 #Priyamani @raogajraj @BoneyKapoor @iAmitRSharma @ItsAmitTrivedi @freshlimefilms @SaiwynQ @ActorRudranil @writish @saregamaglobal @ZeeStudios_ @ZeeStudiosInt pic.twitter.com/9KwxWP1vle
'मैदान' फिल्म की शूटिंग अजय देवगन ने पिछले साल अगस्त में शुरू की थी। उसके बाद लगातार फिल्म की शूटिंग चलती रही लेकिन बीच में ही इसे कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के कारण रोकना पड़ा। उस समय तक फिल्म पूरी नहीं हो पाई इसलिए निर्माताओं ने इस फिल्म की ओरिजिनल रिलीज की तारीख को बदल दिया और नई तारीख मिली 13 अगस्त 2021। लेकिन, अब फिर से फिल्म की तारीख को बदला गया है और नई तारीख है 15 अक्तूबर 2021।
अमित रविंद्रनाथ शर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अजय देवगन के साथ गजराज राव और प्रियमणि मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माताओं ने इस फिल्म में मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाने के लिए पहले दक्षिण भारतीय फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री कीर्ति सुरेश से बातचीत की थी। लेकिन, उन्हें जब लगा कि एक मां का किरदार निभाने के लिए कीर्ति काफी जवान नजर आएंगी। इसलिए, उन्होंने कीर्ति की जगह दूसरी मशहूर अभिनेत्री प्रियमणि को साइन किया। प्रियमणि अपने हिस्से की शूटिंग इस फिल्म के लिए कर चुकी हैं।
फिल्म 'मैदान' की शूटिंग लगभग 65 फीसदी तक पूरी हो चुकी है और बाकी की शूटिंग की शुरुआत अजय देवगन अगले साल जनवरी से करने वाले हैं। उनकी योजना है कि वह इस फिल्म की शूटिंग अप्रैल तक पूरी कर देंगे। फिलहाल तो अजय देवगन ने अमिताभ बच्चन के साथ अपनी एक और फिल्म 'मेडे' की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म का निर्माण भी अजय देवगन कर रहे हैं और निर्देशन भी। अमिताभ और अजय के अलावा इस फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, अंगीरा धर और आकांक्षा सिंह जैसी अभिनेत्रियां नजर आएंगी।
पढ़ें: Bigg Boss 14: आपस में भिड़ीं अर्शी खान और राखी सावंत, एक-दूसरे को बताया 'चुड़ैल'