अपने पूरे करियर में एक बार भी साल में सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम न कर सके अभिनेता अक्षय कुमार के नाम शायद इस साल भी ये रिकॉर्ड दर्ज नहीं हो पाएगा। अक्षय के प्रशंसकों को बड़ी उम्मीद थी कि उनकी आने वाली फिल्म ‘सूर्यवंशी’ होली पर बॉक्स ऑफिस पर खूब रंग बिखेरेगी, लेकिन हॉलीवुड फिल्म ‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ ने अक्षय कुमार की होली फीकी कर दी है। खबरें हैं कि उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट एक बार फिर आगे बढ़ गई है।
‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ का रिलीज से पहले ही तहलका, खिसक गई अक्षय की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज डेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अनिल अंबानी की फिल्म कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट के ग्रुप सीईओ शिबाशीष सरकार ने हाल ही में संकेत दिए थे कि वह अपनी फिल्म 'सूर्यवंशी' को होली के आसपास रिलीज कर सकते हैं। लेकिन, हॉलीवुड की बड़ी फिल्म कंपनी वार्नर ब्रदर्स ने सोमवार को अपनी फिल्म ‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ को होली वाले सप्ताहांत यानी 26 मार्च को रिलीज करने की घोषणा कर दी है। फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद लोगों का जोश उफान पर है और लोगों ने अभी से इस फिल्म को देखने का मन बनाना शुरू कर दिया है।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सुबह से ‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ का ट्रेलर ट्रेंड करता रहा है। फिल्म को हिंदी में भी रिलीज किया जा रहा है और तमिल व तेलुगू में भी। रिलायंस की तैयारी भी फिल्म 'सूर्यवंशी' को हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज करने की है। लेकिन वार्नर ब्रदर्स ने जिस रफ्तार से 26 मार्च के लिए थिएटर बुक करने शुरू किए हैं, उससे लगता है कि अक्षय की फिल्म को शायद अब उनकी इस सबसे बड़ी फिल्म के लिए अपेक्षित संख्या में थिएटर भी नहीं मिल पाएंगे।
रिलायंस एंटरटेनमेंट और रोहित शेट्टी पिक्चर्स के भीतर भी फिल्म 'सूर्यवंशी' को लेकर दिन भर चर्चा चली है। रोहित शेट्टी के हवाले से ऐसा कहा जा रहा है कि अब इस फिल्म का मार्च या अप्रैल में भी रिलीज हो पाना मुश्किल ही है। इससे पहले अक्षय की फिल्म ‘बेलबॉटम’ की रिलीज भी आगे खिसक चुकी है। अक्षय की दो और फिल्में ‘पृथ्वीराज’ और ‘अतरंगी रे’ की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है। दो दिन पहले ही अक्षय की तेजी से बन रही फिल्म ‘बच्चन पांडे’ को अगले साल 26 जनवरी पर रिलीज करने की घोषणा भी हुई है।
अक्षय कुमार के फिल्मी नक्षत्र उनके अपने लिए पिछले कुछ साल से काफी सही घरों में बैठे हैं। वह लगातार फिल्मों से खूब कमाई कर रहे हैं और फोर्ब्स की लिस्ट में लगातार उनका नाम सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सितारों की सूची में शामिल होता रहा है। लेकिन, फिल्म इंडस्ट्री के आंकड़ों पर नजर रखने वाले बताते हैं कि अक्षय की फिल्म से सिर्फ अक्षय का ही फायदा होता रहा है। उनकी फिल्मों की कमाई उसी अनुपात में नहीं बढ़ रही है। यहां तक कि उनकी पिछली फिल्म ‘हाउसफुल 4’ की कमाई को लेकर तो बवाल इतना बढ़ा कि डिज्नी ने इस फिल्म को बनाने वाली अपनी सहयोगी कंपनी फॉक्स स्टार इंडिया के तमाम अधिकारियों का बोरिया बिस्तर ही गोल कर दिया।