बीजेपी समर्थक और गैर बीजेपी समर्थक कलाकारों व तकनीशियनों में बंटती जा रही हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर अब इसकी इस खेमेबाजी का असर पड़ने लगा है। बीजेपी के खास समर्थक अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज सिर पर है और केंद्र सरकार से मिली छूट के बावजूद महाराष्ट्र सरकार मुंबई व राज्य के दूसरे शहरों के सिनेमाघरों को सौ फीसदी क्षमता के साथ खोलने के निर्देश देने पर अब तक विचार ही कर रही है। मेगाबजट फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को इसके मेकर्स बिना सौ फीसदी क्षमता के रिलीज करने से हिचकिचा रहे हैं और इसके चलते इस फिल्म को लेकर वितरकों के बीच रोज एक नई चर्चा चल रही है।
Sooryavanshi Release: ‘सूर्यवंशी’ की थिएटर और ओटीटी पर एक साथ रिलीज तय नहीं, ठाकरे सरकार के फैसले ने लगाया अड़ंगा
फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट ने रोहित शेट्टी के साथ साझेदारी में बनाया है। करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस और अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया भी इस फिल्म के निर्माताओं में शामिल बताई जाती हैं। फिल्म पहले होली के आसपास रिलीज होने वाली थी, फिर इसके अप्रैल के पहले हफ्ते में रिलीज होने की बात तय हुई लेकिन लगता नहीं है कि ये फिल्म अप्रैल के पहले शुक्रवार को भी रिलीज हो पाएगी। इसकी रिलीज को लेकर रिलायंस एंटरटेनमेंट की वितरकों से भी लगातार चर्चा चल रही है।
फिल्म के निर्माता नियमित तौर पर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज को लेकर चर्चा तो कर रहे हैं लेकिन मामला घूम फिरकर वहीं आ जाता है कि देश के सबसे बड़े फिल्म वितरण क्षेत्र मुंबई में अगर थिएटर सौ फीसदी क्षमता के साथ नहीं खुलते हैं तो फिल्म अपनी पूरी ताकत से कमाई कर नहीं पाएगी। हालांकि, दूसरा पक्ष इसका ये भी कि अगर फिल्म जानदार और अभिनेता की ब्रांड वैल्यू धमाकेदार हो तो विजय जैसे अभिनेता ‘मास्टर’ को 50 फीसदी क्षमता के साथ रिलीज करके भी कमाई के रिकॉर्ड बना रहे हैं।
अब फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को लेकर ताजा सुगबुगाहट ये है कि शायद रिलायंस एंटरटेनमेंट इस फिल्म को थिएटर्स और ओटीटी पर एक साथ रिलीज कर दे। अभी तक फिल्म निर्माताओं और वितरकों के बीच समझौता ये रहा है कि कोई फिल्म थिएटर में रिलीज होने के आठ हफ्ते बाद ही ओटीटी पर आ सकती है। ‘मास्टर’ के मेकर्स ने इस अवधि को घटाकर कम कर दिया। इस पर काफी हंगामा भी मचा।
विदेशी फिल्म कंपनी वार्नर ब्रदर्स ने फिल्मों को थिएटर और ओटीटी में एक साथ एक ही दिन रिलीज करने की शुरुआत की है। इसके तहत ओटीटी के यूजर्स फिल्म को एक निश्चित फीस देकर एक निश्चित अवधि के लिए घर बैठे देख सकते हैं। ओटीटी से ये फिल्म तीन चार हफ्ते के बाद हटा ली जाती है और सिनेमाघरों में फिल्म चलती रहती है। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को थिएटर और सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज करने की अभी तक रिलायंस एंटरटेनमेंनट ने पुष्टि नहीं की है। कंपनी के ग्रुप सीईओ शिबाशीष सरकार ने भी इस बारे में भेजे गए संदेश पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है।
पढ़ें: Anita Hassanandani: रोहित रेड्डी ने साझा की बच्चे की पहली झलक, नन्हे राजकुमार पर फैंस लुटा रहे प्यार
