साल 2020 ने जाते जाते एक सबक तो सिनेमा दर्शकों को ये सिखा ही दिया कि फिल्म अब सितारों से नहीं कहानियों से चलेंगी। ओटीटी पर कहानियों का बोलबाला बढ़ता जाएगा और इस बढ़ते बोलबाले का नए साल का पहला हल्ला बोल भी तय हो गया है। जी हां, ओटीटी पर साल 2021 की जिस पहली फिल्म का प्रदर्शन तय हुआ है, वह एक कोर्ट ड्रामा फिल्म है। फिल्म का ट्रेलर कमाल है और इसके कलाकारों का प्रदर्शन इसमें दिखता है उतना ही धमाल।
नए साल के पहले दिन रिलीज होगी ये चौंकाने वाली फिल्म, ट्रेलर में दिखाई दिए अदाकारी के अनोखे तेवर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देसी ओटीटी जी5 पर एक जनवरी 2020 को फिल्म ‘नेलपॉलिश’ का प्रीमियर होने जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर जी5 ने मंगलवार को एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिलीज किया। डिजिटल दौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कैसे की जानी चाहिए, इसे सीखने के लिए प्राइम वीडियो और नेटफ्लिक्स की पीआर टीमों को जी5 की एक दो प्रेस कॉन्फ्रेंस किसी तरह जरूर अटेंड कर लेनी चाहिए। फिल्म ‘नेलपॉलिश’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म के अभिनेता मानव कौल अपनी अति व्यस्तता के कारण शामिल नहीं हो पाए। हां, अर्जुन रामपाल ने पत्रकारों के बाउंसरों पर जमकर बैटिंग जरूर की।
जैसा कि आपने ट्रेलर में देखा फिल्म ‘नेलपॉलिश’ की कहानी थोड़ा मकड़ी के जाले से उलझी है। फिल्म का नाम ही ‘नेलपॉलिश’ है, निर्देशक बग्स भार्गव कृष्णा इसकी वजह बताते हैं कि जैसे नेलपॉलिश बदसूरत नाखूनों को छुपा लेती है, वैसे ही यहां भी कुछ छुपाया जा रहा है। ट्रेलर भी कुछ कुछ ऐसा ही खुलासा करता है। एक कहानी चल रही है लगातार गायब होते बच्चों की। वीर सिंह नाम का एक व्यक्ति गिरफ्तार हो चुका है। उसे छुड़ाने की जिम्मेदारी नामी वकील को मिली है। साथ में राज्यसभा सीट का तोहफा भी है। लेकिन, अदालत में वकील की आंखों के सामने जो कुछ है, वह ‘नेलपॉलिश’ है।
डिजिटल दौर में भी व्यस्त मानव कौल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना वीडियो संदेश भेजा। इस संदेश में उन्होंने अपने किरदार वीर के बारे में बताया। कहा कि ये ऐसा किरदार है जैसा उन्होंने पहले कभी किया नहीं, वगैरह वगैरह। मानव कौल को हाल के दिनों में किरदार काफी अच्छे मिले हैं। जैसे वह फिल्म ‘नेलपॉलिश’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस की गायब रहे, वैसे ही वह अच्छे किरदारों की तारीफ के मौकों पर भी गायब ही मिलते हैं। इंटरव्यू वगैरह भी कम ही देते हैं। कुछ कुछ वीर सिंह जैसी रहस्यमयी शख्सियत वाले मानव कौल का मानना है कि फिल्म ‘नेलपॉलिश’ सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म भर नहीं है, ये इंसानी दिमाग की अनिश्चितता सी झूलती एक कहानी भी है।
वहीं अर्जुन रामपाल ने फिल्म ‘नेलपॉलिश’ के बारे में अपने अनुभव खुलकर साझा किए। शुरू में थोड़ा टाइम उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस की जरूरत के हिसाब से अपना फोन सेट करने में लगा लेकिन एक बार फ्रेम बन गया तो फिर वह जमकर बोले। अगले साल की पहली फिल्म होने के बारे में अर्जुन ने कहा कि 2020 सबके लिए कुछ न कुछ परेशानी वाली साल ही रहा। ये साल 2021 की पहली फिल्म और हमने कोशिश की है कि इस साल की शुरूआत मनोरंजक तरीके से करने वाली फिल्म हो। फिल्म में अर्जुन रामपाल और मानव कौल के अलावा आनंद तिवारी, रजित कपूर मधु और समरीन कौर की भी अहम भूमिकाएं हैं।