हिंदी फिल्मों के पहले सुपरस्टार माने जाने वाले दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना को उनके स्टारडम के लिए याद किया जाता है। वरिष्ठ अभिनेत्री आशा पारेख राजेश खन्ना की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहती हैं कि उन्होंने राजेश खन्ना जैसा स्टारडम कभी नहीं देखा। या तो हजारों लड़कियां देव आनंद पर जान छिड़कती थीं, या फिर राजेश खन्ना पर। ऐसी दीवानगी फिर कभी नहीं देखी गई।
Rajesh Khanna: आशा पारेख ने सुनाए काका के स्टारडम के किस्से, सायरा बानो को अब भी है इस बात का मलाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजेश खन्ना का जन्म अमृतसर में 29 दिसंबर 1942 को हुआ था। उनकी जयंती के इस मौके पर पुरानी घटनाओं को याद करते हुए आशा पारेख कहती हैं, 'जब हम 'आन मिलो सजना' और 'कटी पतंग' की शूटिंग कर रहे थे तो सैकड़ों लड़कियां लोकेशन पर उनसे मिलने को इकट्ठा हो जाया करती थीं। इस वजह से हमें शूटिंग भी रद्द करनी पड़ती थी। मैंने पहली बार राजेश खन्ना के साथ उनकी दूसरी फिल्म 'बहारों के सपने' में काम किया था। तब वह एक शर्मीले और अनजान अभिनेता थे। लेकिन, दो साल में ही सब कुछ बदल गया। हमने साथ में काम शुरू किया लेकिन वह सुपरस्टार बन गए और उनके जैसा न तो कोई पहले आया और न ही बाद में।'
आशा पारेख कहती हैं कि इस तरह का स्टारडम उन्होंने या तो देव आनंद का देखा, या फिर राजेश खन्ना का। उन्होंने कहा, 'दीवाने थे प्रशंसक देव साहब के। जब हम एक साथ 'महल' फिल्म की शूटिंग कर रहे थे तो हमें कई बार उस फिल्म की शूटिंग रद्द करनी पड़ी। वहां लोग देव साहब के लिए बेकाबू थे। लोग उन्हें छूना चाहते थे, उन्हें चूमना चाहते थे, उनके गले लगना चाहते थे। ठीक वैसी ही दीवानगी मैंने राजेश खन्ना के लिए भी देखी।'
अदाकारा सायरा बानो ने भी इस मौके पर अपनी पुरानी यादें ताजा कीं। सायरा को इस बात का मलाल है कि उन्हें राजेश खन्ना के साथ दो फिल्मों में काम करने का मौका मिला लेकिन वह किन्हीं कारणवश इन्हें कर नहीं पाईं। राजेश खन्ना के साथ उन्हें पहली फिल्म 'छोटी बहू' मिली। लेकिन, उस फिल्म को छोड़कर सायरा को अपने इलाज के लिए लंदन जाना पड़ा। बाद में इस फिल्म को राजेश खन्ना ने शर्मिला टैगोर के साथ किया।
सायरा कहती है, 'मैं 'छोटी बहू' में काम तो नहीं कर पाई लेकिन मैं उस फिल्म के मुहूर्त को नहीं भूल सकती। उस वक्त हम मुंबई के रूप तारा स्टूडियोज में थे। हमने वहां चाय पीते हुए एक फोटो खिंचवाई जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती रही। दरअसल, हम एक कप और प्याली में चाय पीने वाले थे लेकिन राजेश ने कहा कि हम कप को अपने विचार से निकाल देते हैं। फिर हमने एक ही प्याली से चाय पी। जब इस दृश्य की फोटो सामने आई तो वह बहुत मशहूर हुई।' सायरा को राजेश खन्ना के साथ दूसरी फिल्म 'रेशम की डोरी' में काम करने का मौका मिला था लेकिन, उन्होंने इस फिल्म को भी छोड़ दिया।

कमेंट
कमेंट X