चंडीगढ़ से जिस बड़े प्रोजेक्ट को साइन करने के लिए आयुष्मान खुराना मुंबई पहुंचे हैं, उसका कुछ कुछ अनुमान लोगों को होने लगा है। ईशान खट्टर और अनन्या पांडे की फिल्म ‘खाली पीली’ लिखने वाले लेखकों की लिखी ये फिल्म एक जासूस के जीवन पर आधारित होगी और सत्य घटनाओं से प्रेरित होगी। फिल्म की पृष्ठभूमि तो देश के पूर्वोत्तर राज्यों की है लेकिन बताया जा रहा है कि इस फिल्म को आयुष्मान मुंबई के जंगलों में ही अगले दो महीने में पूरी कर देने की योजना बनाकर मुंबई आए हैं।
‘खाली पीली’ के लेखकों की कहानी को आयुष्मान का ‘ओके’, मुंबई के जंगलों में शूट होने जा रही ये फिल्म
आयुष्मान खुराना अनलॉक के बाद ही मुंबई से चंडीगढ़ चले गए थे और पिछले छह महीने से वही रहते रहे हैं। इस दौरान उन्होंने खूब अच्छा फैमिली टाइम बिताया और खाली समय का उपयोग नई कहानियों और पटकथाओं को पढ़ने में किया। यही नहीं इस बीच उन्होंने चंडीगढ़ में ही एक ऐसी फिल्म भी कर डाली, जिसका विषय बहुत अलग है। बताया गया कि ये एक ट्रांसजेंडर की लव स्टोरी होगी, जिसमें फीमेल लीड वाणी कपूर कर रही हैं।
चंडीगढ़ में रहते हुए ही आयुष्मान ने कुछ दिन पहले अपनी एक और फिल्म 'डॉक्टर जी' की भी घोषणा की। यह एक कॉमेडी फिल्म है जिसमें आयुष्मान एक गायनकोलॉजिस्ट (स्त्रीरोग चिकित्सक) का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग अप्रैल से शुरू होनी है। आयुष्मान के पास उससे पहले करीब दो महीने का समय है और वह इसी दौरान फटाफट अपनी ये जासूसी फिल्म खत्म कर देना चाहते हैं।
इस जासूसी फिल्म पर निर्देशक अनुभव सिन्हा काफी दिनों से काम करते रहे हैं। फिल्म के लेखक यश केसवानी और सीमा अग्रवाल हैं जिन्होंने इसके पहले अनन्या पांडे और ईशान खट्टर की मुदस्सर अजीज निर्देशित फिल्म ‘खाली पीली’ लिखी थी। ‘खाली पीली’ पहली भारतीय फिल्म है जिसे सिनेमाघरों और ओटीटी पर एक साथ रिलीज किया गया। हालांकि, फिल्म लोगों को खास पसंद नहीं आई पर महामारी के बीच इस फिल्म को रिलीज कर जी स्टूडियोज ने हिम्मत का काम किया।
वहीं, अनुभव सिन्हा की थ्रिलर फिल्मों में ये एक तरह से वापसी होगी। उनके करियर की दूसरी फिल्म ‘आपको पहले भी कहीं देखा है’ भी एक तेज रफ्तार और शॉर्प एडिट फिल्म थी, जिसने बाद में उनके लिए ‘दस’, ‘कैश’ और ‘रा वन’ जैसी फिल्मों के लिए दरवाजे खोले। ये तीनों फिल्में हालांकि बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही लेकिन इन्हीं फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस खोला और अब वह अपनी फिल्में खुद ही प्रोड्यूस करते हैं।
वैनिटी वैन के लिए कपिल शर्मा ने दिए थे छह करोड़ रुपये, पूछताछ के बाद दिलीप छाबड़िया की मुसीबत बढ़ी